HomeUncategorizedराष्ट्रपति दौरे की तैयारियां अंतिम चरण में, डीएम ने राष्ट्रपति निकेतन और...

राष्ट्रपति दौरे की तैयारियां अंतिम चरण में, डीएम ने राष्ट्रपति निकेतन और आशियाना का किया निरीक्षण

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के प्रस्तावित दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। राष्ट्रपति के 12 और 13 जून को निर्धारित कार्यक्रमों के सफल, सुरक्षित और सुचारु संचालन के लिए प्रशासनिक तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने गुरुवार को राष्ट्रपति निकेतन और राष्ट्रपति आशियाना परिसर का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 12 जून को देहरादून स्थित राष्ट्रपति निकेतन पहुंचेंगी। यहां वह राष्ट्रपति आशियाना परिसर में लगभग 132 एकड़ क्षेत्रफल में विकसित किए जा रहे अत्याधुनिक राष्ट्रपति उद्यान के निर्माण और विकास कार्यों का अवलोकन करेंगी। इसके बाद 13 जून को वह भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए) में आयोजित 158वें रेगुलर कोर्स और 141वें टेक्निकल ग्रेजुएट कोर्स की पासिंग आउट परेड में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सुरक्षा, यातायात, बिजली, पेयजल, अग्निशमन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि राष्ट्रपति के दौरे के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही या चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभागों को अपनी तैयारियां पूरी तरह त्रुटिरहित रखने के निर्देश दिए गए हैं।

जिलाधिकारी ने विद्युत, पेयजल, अग्नि सुरक्षा, वन तथा अन्य संबंधित विभागों को अपनी व्यवस्थाओं से जुड़े फिटनेस और क्लियरेंस प्रमाणपत्र समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही राष्ट्रपति उद्यान में विकसित की जा रही विभिन्न अवस्थापना सुविधाओं को तय समय सीमा के भीतर पूर्ण करने तथा शेष कार्यों में तेजी लाने को कहा।

राष्ट्रपति के इस दौरे का प्रमुख आकर्षण राष्ट्रपति आशियाना परिसर में विकसित हो रहा भव्य राष्ट्रपति उद्यान रहेगा। लगभग 132 एकड़ क्षेत्र में तैयार किया जा रहा यह विश्वस्तरीय पार्क हरियाली, पर्यटन, स्वास्थ्य और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विकसित किया जा रहा है। प्रशासन का मानना है कि यह परियोजना भविष्य में देहरादून की नई पहचान बनकर उभरेगी।

गौरतलब है कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने 20 जून 2025 को देहरादून में राष्ट्रपति तपोवन और राष्ट्रपति निकेतन का उद्घाटन किया था। उसी अवसर पर उन्होंने राष्ट्रपति उद्यान की आधारशिला भी रखी थी। अब वह स्वयं इस महत्वाकांक्षी परियोजना की प्रगति का निरीक्षण करेंगी।

उद्यान में आकर्षक थीम पार्क, आधुनिक कैफेटेरिया, फूड कोर्ट, 2700 मीटर लंबा जॉगिंग, साइकिलिंग एवं वॉकिंग ट्रैक तथा 840 मीटर लंबा बोर्डवॉक विकसित किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त 800 दर्शकों की क्षमता वाला ओपन एयर थिएटर, योगा पवेलियन, व्यूइंग डेक, वॉटरफॉल डेक और आधुनिक स्पोर्ट्स जोन भी तैयार किए जा रहे हैं। पार्क में तीन भव्य प्रवेश द्वार और बड़ी पार्किंग सुविधा का निर्माण भी किया जा रहा है ताकि आगंतुकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के.के. मिश्रा, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) स्मृता परमार सहित सीपीडब्ल्यूडी, विद्युत, पेयजल, वन, परिवहन और अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन ने राष्ट्रपति दौरे को लेकर सभी व्यवस्थाओं को समय रहते पूर्ण करने का भरोसा जताया है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular