HomeDehradunदेहरादून में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा, 18 जून तक शत-प्रतिशत...

देहरादून में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा, 18 जून तक शत-प्रतिशत फार्म वितरण के निर्देश

देहरादून, अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी विजय कुमार जोगदाडे ने गुरुवार को ऋषिपर्णा सभागार, कलेक्ट्रेट देहरादून में जनपद के निर्वाचन अधिकारियों के साथ बैठक कर विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की विधानसभावार प्रगति की समीक्षा की। बैठक में रिटर्निंग ऑफिसर (आरओ), निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने एसआईआर अभियान को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने पर जोर देते हुए सभी अधिकारियों को 18 जून 2026 तक शत-प्रतिशत फार्म वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण का कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए इसमें किसी प्रकार की शिथिलता नहीं बरती जानी चाहिए।

उन्होंने सभी आरओ एवं ईआरओ को निर्देशित किया कि वे प्रतिदिन सुबह और शाम दो बार पोर्टल पर लॉगिन कर कार्यों की समीक्षा करें तथा प्रगति की नियमित निगरानी सुनिश्चित करें। साथ ही जो फार्म पूरी तरह भरकर प्राप्त हो चुके हैं, उन्हें बिना विलंब पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि डिजिटाइजेशन की प्रक्रिया समयबद्ध रूप से आगे बढ़ सके।

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी को निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में कार्य प्रगति अपेक्षाकृत धीमी है, वहां विशेष कार्ययोजना तैयार कर संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित किया जाए। उन्होंने कहा कि कम प्रगति वाले क्षेत्रों का विश्लेषण कर वहां कार्यरत बीएलओ को आवश्यक प्रशिक्षण और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाए, जिससे कार्यों में तेजी लाई जा सके।

बैठक में उन्होंने हाउसिंग सोसायटियों, कार्यालय परिसरों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर विशेष शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। उनका कहना था कि अधिक से अधिक नागरिकों को इस अभियान से जोड़ने के लिए जनसंपर्क और जनजागरूकता गतिविधियों को व्यापक स्तर पर संचालित किया जाए। उन्होंने विभिन्न प्रचार माध्यमों का उपयोग करते हुए मतदाताओं को फार्म भरने और अभियान में भागीदारी के लिए प्रेरित करने पर विशेष बल दिया।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि फार्म वितरण के साथ-साथ डिजिटाइजेशन कार्यों को भी निर्धारित दैनिक लक्ष्य के अनुरूप पूरा किया जाए। जिन मतदान केंद्रों पर प्रगति धीमी है, वहां संबंधित अधिकारियों को व्यक्तिगत रूप से निगरानी करने तथा बीएलओ एवं तकनीकी स्टाफ के साथ समन्वय स्थापित कर समस्याओं का त्वरित समाधान करने को कहा गया।

बैठक में प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार जनपद देहरादून में कुल 13 लाख 76 हजार 813 मतदाता पंजीकृत हैं। अब तक 3 लाख 27 हजार 236 ईएफएस फार्मों का वितरण किया जा चुका है तथा 16 हजार 748 फार्मों का डिजिटाइजेशन पूर्ण किया गया है। वहीं 10 लाख 49 हजार 577 फार्मों का वितरण और 13 लाख 60 हजार 65 फार्मों का डिजिटाइजेशन किया जाना अभी शेष है।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) स्मृता परमार, उप जिलाधिकारी विनोद कुमार, अपूर्वा सिंह, कुमकुम जोशी, अपर्णा सिंह, तहसीलदार विवेक राजौरी, सुरेन्द्र सिंह, प्रदीप नेगी, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी नरेन्द्र देवली सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। जबकि राहुल आनंद सहित अन्य अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण लोकतांत्रिक प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है और सभी अधिकारियों को इसे प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करना होगा।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular