ऋषिकेश, आगामी कांवड़ मेला-2026 को सकुशल और सुरक्षित संपन्न कराने के लिए पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में सोमवार को ऋषिकेश में अपर पुलिस महानिदेशक अपराध एवं कानून व्यवस्था, पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र, पुलिस उपमहानिरीक्षक अपराध एवं कानून व्यवस्था समेत देहरादून, पौड़ी और टिहरी के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मेले की ड्यूटी में तैनात पुलिस बल को ब्रीफ किया।
30 जुलाई 2026 से शुरू होने वाले कांवड़ मेले के मद्देनजर आयोजित ब्रीफिंग में एसएसपी देहरादून, एसएसपी पौड़ी और एसएसपी टिहरी समेत तीनों जनपदों में तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों से अपने ड्यूटी प्वाइंट और उसकी संवेदनशीलता के संबंध में पूरी जानकारी रखने तथा पूर्ण कर्तव्यनिष्ठा के साथ ड्यूटी करने को कहा। साथ ही कांवड़ यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं के साथ संयमित और मृदुल व्यवहार करते हुए उनका मार्गदर्शन और हरसंभव सहायता करने के निर्देश दिए गए।
भारी संख्या में श्रद्धालुओं और वाहनों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस को पूर्व निर्धारित पार्किंग स्थलों में ही वाहनों को पार्क कराने तथा पार्किंग स्थलों पर श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक आधारभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कांवड़ मार्ग पर लगने वाली अस्थायी दुकानों और बाहर से व्यवसाय के लिए आने वाले लोगों का विधिवत सत्यापन करने को भी कहा गया।
ब्रीफिंग में अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को मेले के दौरान प्रत्येक गतिविधि पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि छोटी-छोटी घटनाएं कई बार बड़े विवाद का रूप ले सकती हैं, इसलिए पुलिसकर्मी पूरी सतर्कता और संयम के साथ ड्यूटी करें।
देहरादून, पौड़ी और टिहरी पुलिस को आपसी समन्वय के साथ भीड़ और यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। नीलकंठ मंदिर में भीड़ बढ़ने की स्थिति में पूर्व निर्धारित डायवर्जन प्लान के अनुसार यातायात और भीड़ को नियंत्रित करने को कहा गया।
बरसात के मौसम को देखते हुए पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के दौरान छाता और बरसाती साथ रखने तथा आकस्मिक परिस्थितियों के लिए मानसिक रूप से तैयार रहने के निर्देश दिए गए। साथ ही अनावश्यक विवादों से बचने और किसी भी स्थिति में संयम बनाए रखने पर जोर दिया गया।
अधिकारियों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। भ्रामक सूचनाएं प्रसारित कर सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वाली पोस्टों का तत्काल संज्ञान लेकर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा गया।
इसके अलावा सभी सेक्टर अधिकारियों को अपने अधीनस्थ पुलिसकर्मियों को ड्यूटी प्वाइंट पर जाकर ड्यूटी संबंधी आवश्यक जानकारी देने के निर्देश दिए गए। किसी भी विवाद या अप्रिय स्थिति की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को देने को कहा गया, ताकि मौके पर ही प्रभावी कार्रवाई कर स्थिति को नियंत्रित किया जा सके।

