देहरादून, उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) द्वारा 14 जून 2026 को आयोजित की जाने वाली स्नातक स्तरीय पदों की लिखित परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। जनपद देहरादून के 116 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होने वाली इस परीक्षा में 46,350 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा और निगरानी के व्यापक इंतजाम किए हैं।
परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा के लिए जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने गुरुवार को सर्वे चौक स्थित आईआरडीटी ऑडिटोरियम में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। बैठक में जोनल मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट, पुलिस अधिकारियों, केंद्र व्यवस्थापकों तथा आयोग के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि परीक्षा की पारदर्शिता और निष्पक्षता सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी गंभीरता और सतर्कता के साथ करें।
परीक्षा के सफल संचालन के लिए जनपद को विभिन्न जोनों में विभाजित किया गया है। प्रशासन ने 11 जोनल मजिस्ट्रेट और 34 सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती की है, जो परीक्षा केंद्रों की व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे। जिलाधिकारी ने सभी जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों को परीक्षा से पहले अपने-अपने केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण करने तथा केंद्र व्यवस्थापकों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।
बैठक में परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और तकनीकी व्यवस्थाओं की समीक्षा भी की गई। जिलाधिकारी ने सभी केंद्रों पर जैमर, सीसीटीवी कैमरे, फेस ऑथेंटिकेशन एप तथा अन्य आवश्यक उपकरणों की कार्यशीलता की सूक्ष्म जांच सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि परीक्षा से एक दिन पूर्व सभी केंद्रों को पूरी तरह सैनिटाइज किया जाए तथा आवश्यक व्यवस्थाओं का अंतिम निरीक्षण भी किया जाए।
प्रशासन ने परीक्षा अवधि के दौरान संचार व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने पर भी जोर दिया है। सभी अधिकारियों को अपने मोबाइल नंबर संबंधित केंद्र व्यवस्थापकों को उपलब्ध कराने और परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए हैं ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित समन्वय स्थापित किया जा सके।
बैठक में बताया गया कि परीक्षा 14 जून को एकल पाली में सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक आयोजित होगी। परीक्षा के लिए प्रश्नपत्रों के सील बंद पैकेट विकासनगर, ऋषिकेश और डोईवाला क्षेत्रों के लिए सुबह 6 बजे तथा देहरादून शहर के केंद्रों के लिए सुबह 7 बजे कोषागार के डबल लॉकर से संबंधित अधिकारियों को उपलब्ध कराए जाएंगे।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि परीक्षा की गोपनीयता, सुरक्षा और समयबद्ध संचालन सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप हों और अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) केके मिश्रा, एसडीएम विनोद कुमार, एसडीएम रविन्द्र ज्वांठा, आयोग के प्रतिनिधि, पुलिस के नोडल अधिकारी, केंद्र व्यवस्थापक तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

