HomeCrimeअर्बन को-ऑपरेटिव बैंक घोटाले में तत्कालीन शाखा प्रबंधक गिरफ्तार, करोड़ों रुपये के...

अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक घोटाले में तत्कालीन शाखा प्रबंधक गिरफ्तार, करोड़ों रुपये के गबन का आरोप

देहरादून ,वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून की रणनीति के तहत आर्थिक अपराधों और जालसाजी के मामलों में कार्रवाई लगातार तेज की जा रही है। इसी क्रम में दून पुलिस ने अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक में करोड़ों रुपये की वित्तीय अनियमितता और गबन के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए बैंक के तत्कालीन शाखा प्रबंधक को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर अपने सहयोगियों के साथ मिलकर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर करोड़ों रुपये का ऋण स्वीकृत कराकर बैंक को भारी आर्थिक नुकसान पहुंचाने का आरोप है।

पुलिस के अनुसार 15 मई 2026 को अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड, क्रॉस रोड, देहरादून के वर्तमान मुख्य शाखा प्रबंधक रिंकू गौतम ने कोतवाली नगर में लिखित तहरीर दी थी। तहरीर में बताया गया कि बैंक द्वारा कराए गए फोरेंसिक ऑडिट के दौरान वर्ष 2013 से 2016 के बीच बैंक के लेखा अभिलेखों और लेजर प्रविष्टियों में गंभीर वित्तीय अनियमितताएं सामने आई हैं।

जांच में यह तथ्य उजागर हुआ कि तत्कालीन शाखा प्रबंधक महाबीर सिंह ने बैंक में कार्यरत अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर कूटरचना और धोखाधड़ी के माध्यम से फर्जी प्रविष्टियां कीं। आरोप है कि उन्होंने बैंक के धन का अपने निजी खातों में स्थानांतरण करते हुए करोड़ों रुपये का गबन किया और बैंक को भारी आर्थिक क्षति पहुंचाई।

तहरीर के आधार पर कोतवाली नगर में धोखाधड़ी, जालसाजी, कूटरचना, आपराधिक विश्वासघात और आपराधिक षड्यंत्र से संबंधित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने जांच अधिकारियों को आवश्यक साक्ष्य एकत्रित कर आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे।

विवेचना के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण साक्ष्य प्राप्त हुए, जिनसे पता चला कि महाबीर सिंह ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर 20 जेसीबी मशीनों की खरीद के नाम पर फर्जी दस्तावेज तैयार किए। इन दस्तावेजों के आधार पर बैंक से करीब 4 करोड़ 80 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत कराया गया। आरोप है कि ऋण की पूरी प्रक्रिया धोखाधड़ीपूर्वक संचालित की गई और स्वीकृत धनराशि का गबन कर लिया गया।

जांच में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने 10 जून 2026 को मुख्य आरोपी एवं तत्कालीन शाखा प्रबंधक महाबीर सिंह को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 74 वर्षीय महाबीर सिंह पुत्र डंबर सिंह निवासी बाबा विहार, तपोवन रोड, नालापानी चौक, रायपुर, देहरादून के रूप में हुई है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में शामिल अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी गहन जांच की जा रही है। प्रकरण से जुड़े दस्तावेजों का परीक्षण, बैंक अभिलेखों की जांच तथा अन्य साक्ष्यों के संकलन की कार्रवाई जारी है। जांच पूरी होने के बाद अन्य आरोपियों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

दून पुलिस ने कहा कि आर्थिक अपराधों और बैंकिंग धोखाधड़ी से जुड़े मामलों में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। करोड़ों रुपये के इस घोटाले के खुलासे को देहरादून पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है तथा मामले की जांच आगे भी जारी रहेगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular