HomeCrimeअनिष्ट का डर, तंत्र-मंत्र का जाल; 65 तोला सोना ठगने वाला 'ठग...

अनिष्ट का डर, तंत्र-मंत्र का जाल; 65 तोला सोना ठगने वाला ‘ठग बाबा’ गिरफ्तार

देहरादून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून की सख्ती और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से तंत्र-मंत्र और अंधविश्वास का सहारा लेकर लोगों को ठगने वाला एक कथित बाबा सलाखों के पीछे पहुंच गया है। थाना सेलाकुई पुलिस ने अनिष्ट होने का भय दिखाकर पूजा-पाठ और अनुष्ठान के नाम पर लाखों रुपये के आभूषण ठगने वाले आरोपी राहुल थापा को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 15 तोला सोना और पांच लाख रुपये की नकदी बरामद की है।

मामला तब सामने आया जब सेलाकुई निवासी ओशीन गुरंग ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि आरोपी राहुल थापा ने तंत्र-मंत्र और अनिष्ट का डर दिखाकर उनके घर पर विशेष पूजा कराने का झांसा दिया और धोखाधड़ी से करीब 65 तोला सोना गायब कर दिया। जांच में आरोप सही पाए जाने पर थाना सेलाकुई में मुकदमा दर्ज कर विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया।

पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह वर्ष 2013 से पंडिताई का कार्य कर रहा है और अधिक धन कमाने के लालच में उसने लोगों को अंधविश्वास के जाल में फंसाने की योजना बनाई थी। वह रात के समय अपने शिष्यों के घरों के बाहर जादू-टोने से जुड़ी सामग्री की पोटली फेंक देता था और अगले दिन फोन कर उन्हें अनिष्ट होने का भय दिखाता था। इसके बाद पूजा-अनुष्ठान के नाम पर मोटी रकम वसूलता था।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने ओशीन गुरंग के घर के बाहर भी ऐसी ही पोटली फेंकी और बाद में पूजा के दौरान महिला और उनकी मां के सभी आभूषण एक संदूक में रखवाकर मौका पाकर निकाल लिए। बाद में उसने संदूक को 62 दिन तक न खोलने की सलाह देकर आभूषण अपने कब्जे में कर लिए।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर ठगे गए आभूषणों को गलाकर बनाए गए 150 ग्राम सोने के बिस्कुटनुमा बार तथा पांच लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े अन्य आभूषणों की बरामदगी के लिए आरोपी का पुलिस कस्टडी रिमांड लिया जाएगा। साथ ही उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड, संभावित सहयोगियों और अन्य पीड़ितों के संबंध में भी जांच की जा रही है।

देहरादून पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे तंत्र-मंत्र, अंधविश्वास और अनिष्ट के भय के नाम पर किसी के बहकावे में न आएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल पुलिस को सूचना दें।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular