देहरादून। पटेल नगर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत चंद्रमणि कॉलोनी में एक 23 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवती मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट की तैयारी कर रही थी और हाल के परिणामों को लेकर मानसिक रूप से परेशान बताई जा रही थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार चंद्रमणि कॉलोनी निवासी रिया कुमारी (23) लंबे समय से नीट परीक्षा की तैयारी कर रही थी। बताया जा रहा है कि वह पूर्व में भी परीक्षा में शामिल हुई थी, लेकिन चयन न होने के कारण निराश थी। बुधवार सुबह परिजनों को युवती की स्थिति का पता चला, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पटेल नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक जांच-पड़ताल की। पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें युवती ने पढ़ाई में सफलता नहीं मिलने से निराश होने की बात लिखी है। पुलिस ने नोट को कब्जे में लेकर जांच का हिस्सा बनाया है।
घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
क्षेत्राधिकारी सदर अंकित कंडारी ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। घटनास्थल से मिले तथ्यों और परिजनों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की विस्तृत जांच जारी है।

