HomeDehradunउत्तराखंड दौरे पर आज पहुंचेंगी कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, चुनावी तैयारियों...

उत्तराखंड दौरे पर आज पहुंचेंगी कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, चुनावी तैयारियों पर होगा मंथन

देहरादून। आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर उत्तराखंड में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा आज दो दिवसीय दौरे पर उत्तराखंड पहुंच रही हैं। उनका यह दौरा संगठनात्मक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

सूत्रों के अनुसार 17 और 18 जून को प्रदेश प्रवास के दौरान कुमारी शैलजा पार्टी संगठन की मजबूती, आगामी विधानसभा चुनावों की रणनीति और बूथ स्तर तक संगठन के विस्तार को लेकर वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों के साथ व्यापक चर्चा करेंगी। उनके कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्षों, फ्रंटल संगठनों के अध्यक्षों तथा विभिन्न इकाइयों के प्रतिनिधियों के साथ वन-टू-वन संवाद भी शामिल है।

बताया जा रहा है कि प्रदेश संगठन में लंबे समय से चल रहे पुनर्गठन और नई प्रदेश कार्यकारिणी के गठन को लेकर भी इस दौरे के दौरान महत्वपूर्ण निर्णय लिए जा सकते हैं। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि कुमारी शैलजा प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी की घोषणा को अंतिम रूप दे सकती हैं। हालांकि पार्टी की ओर से अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

कांग्रेस नेतृत्व आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए संगठन को अधिक सक्रिय और मजबूत बनाने पर जोर दे रहा है। ऐसे में प्रदेश प्रभारी का यह दौरा चुनावी तैयारियों के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है। माना जा रहा है कि इस दौरान संगठन में समन्वय बढ़ाने, कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार करने और चुनावी रणनीति को धार देने पर विशेष फोकस रहेगा।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular