देहरादून। नीट यूजी पेपर लीक मामले को लेकर उत्तराखंड कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए सोमवार देर शाम युवा आक्रोश मशाल जुलूस निकाला। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए भाजपा सरकार पर युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया।
उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य विनीत प्रसाद भट्ट के नेतृत्व में निकाले गए मशाल जुलूस में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, प्रदेश सह-प्रभारी सुरेंद्र शर्मा तथा मनोज यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के सदस्य शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने मशालें लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और परीक्षा प्रणाली में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं पर कड़ी नाराजगी जताई।
विनीत प्रसाद भट्ट ने कहा कि देश के लाखों युवा सीमित संसाधनों के बावजूद दिन-रात मेहनत कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं। उनके माता-पिता भी अपने बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए अपनी जीवनभर की पूंजी और उम्मीदें दांव पर लगाते हैं। ऐसे में पेपर लीक जैसी घटनाएं युवाओं की मेहनत और सपनों को तोड़ने का काम करती हैं। उन्होंने कहा कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक घोटालों ने परीक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि कुछ लोग आर्थिक लाभ के लिए परीक्षा प्रणाली को भ्रष्ट कर युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ कर रहे हैं। इससे हजारों छात्र-छात्राओं में निराशा और हताशा का माहौल पैदा हो रहा है। उन्होंने कहा कि नीट पेपर लीक मामले की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तत्काल अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने केंद्र सरकार पर संवैधानिक और लोकतांत्रिक संस्थाओं के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा अपने राजनीतिक हितों की पूर्ति के लिए लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र, संविधान और युवाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि बेरोजगार युवाओं के साथ अन्याय, अत्याचार और पेपर लीक जैसी घटनाएं नहीं रुकीं तो पार्टी सड़क से लेकर सदन तक व्यापक आंदोलन छेड़ने को मजबूर होगी। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने युवाओं के हितों की रक्षा और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया।

