देहरादून, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सहसपुर पुलिस ने नकबजनी की एक घटना का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई करीब तीन लाख रुपये मूल्य की ज्वैलरी भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार 26 मई 2026 को शंकरपुर हुकुमतपुर निवासी राज सिंह ने कोतवाली सहसपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोरों ने रात के समय उनके घर का ताला तोड़कर भीतर रखी ज्वैलरी चोरी कर ली। शिकायत के आधार पर कोतवाली सहसपुर में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने घटना के शीघ्र खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा संदिग्धों के बारे में जानकारी जुटाई।
जांच के दौरान प्राप्त सुरागों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने 30 मई की रात शंकरपुर जाने वाले मार्ग पर आम के बाग के पास से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रहमान, फैजान और शहबान के रूप में हुई है। इनके कब्जे से चोरी की गई ज्वैलरी बरामद की गई।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे नशे के आदी हैं और नशे की जरूरतों को पूरा करने के लिए उन्होंने चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि तीनों आरोपी पहले भी चोरी और अन्य आपराधिक मामलों में जेल जा चुके हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जिले में अपराध और नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा असामाजिक तत्वों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

