Homeऋषिकेशचारधाम यात्रा व्यवस्थाओं का सीएम धामी ने लिया जायजा, बोले- श्रद्धालुओं की...

चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं का सीएम धामी ने लिया जायजा, बोले- श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

ऋषिकेश ट्रांजिट कैंप का औचक निरीक्षण कर यात्रियों से लिया फीडबैक, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को ऋषिकेश स्थित चारधाम यात्रा ट्रांजिट कैंप का औचक निरीक्षण कर यात्रा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं, अनुभवों और यात्रा संबंधी सुविधाओं को लेकर फीडबैक लिया। चारधामों के दर्शन कर लौटे यात्रियों से भी मुख्यमंत्री ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

मुख्यमंत्री के अचानक ट्रांजिट कैंप पहुंचने से श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला। कई यात्रियों ने यात्रा व्यवस्थाओं की सराहना की, जबकि कुछ ने अपने सुझाव भी साझा किए। मुख्यमंत्री ने सभी सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धालु-अनुकूल बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि यात्रा सुचारू रूप से संचालित हो रही है और सरकार का लक्ष्य प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित एवं सुविधाजनक यात्रा अनुभव प्रदान करना है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि यात्रा व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा उत्तराखंड की आस्था, संस्कृति और पहचान का प्रमुख केंद्र है, इसलिए श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी विभागों के समन्वित प्रयासों से यात्रा सफलतापूर्वक संपन्न होगी और उत्तराखंड की सकारात्मक छवि राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत होगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular