HomeDehradunSIR प्रक्रिया में बाधा के आरोप पर भाजपा का प्रदर्शन, कांग्रेस के...

SIR प्रक्रिया में बाधा के आरोप पर भाजपा का प्रदर्शन, कांग्रेस के खिलाफ कार्रवाई की मांग

मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया में कांग्रेस द्वारा कथित तौर पर बाधा उत्पन्न करने और भ्रम फैलाने के आरोप लगाते हुए भाजपा महानगर देहरादून ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट में धरना-प्रदर्शन किया। भाजपा महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे और जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर SIR प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और निर्बाध रूप से संपन्न कराने की मांग की।

भाजपा महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस अपने कार्यकर्ताओं के माध्यम से अलग-अलग स्थानों पर विरोध प्रदर्शन कर SIR की प्रक्रिया में बाधा डालने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था की बुनियाद है और इसकी शुचिता, पारदर्शिता तथा विश्वसनीयता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जा सकता।

उन्होंने कहा कि SIR का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन और विश्वसनीय बनाना है। यदि किसी मतदाता के नाम को लेकर आपत्ति या कोई वास्तविक समस्या है तो निर्वाचन आयोग ने उसके निराकरण के लिए विधिक और संवैधानिक प्रक्रिया निर्धारित की है। ऐसे में राजनीतिक दबाव बनाकर या अधिकारियों को प्रभावित करने का प्रयास कर संवैधानिक प्रक्रिया में बाधा डालना उचित नहीं है।

भाजपा महानगर अध्यक्ष ने जिलाधिकारी से मांग की कि SIR प्रक्रिया को पूरी निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ आगे बढ़ाया जाए। साथ ही जानबूझकर सरकारी कार्य में बाधा डालने अथवा मतदाताओं के बीच भ्रम की स्थिति पैदा करने वाले लोगों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाए।

उन्होंने कहा कि भाजपा निष्पक्ष और शुद्ध मतदाता सूची के पक्ष में है। लोकतंत्र की मजबूती के लिए जरूरी है कि प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में सुरक्षित रहे और अपात्र नामों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत हटाया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी राजनीतिक दल को अपनी बात रखने का अधिकार है, लेकिन दबाव की राजनीति के जरिए निर्वाचन प्रक्रिया को प्रभावित करने का अधिकार किसी को नहीं है।

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular