HomeCrimeदून पुलिस की बड़ी कार्रवाई: पुलिस मुठभेड़ में 15-15 हजार के दो...

दून पुलिस की बड़ी कार्रवाई: पुलिस मुठभेड़ में 15-15 हजार के दो इनामी बदमाश घायल, अवैध हथियार बरामद

ऋषिकेश, चारधाम यात्रा-2026 के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को लेकर सक्रिय दून पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। हत्या के प्रयास के मामले में वांछित 15-15 हजार रुपये के दो इनामी बदमाश पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गए। दोनों अभियुक्तों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार 7 जून की रात नटराज चौक क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की काले रंग की मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवक ढालवाला की ओर से आते दिखाई दिए। दोनों ने अपने चेहरे कपड़े से ढके हुए थे। पुलिस ने उन्हें रुकने का संकेत दिया, लेकिन उन्होंने बैरियर को टक्कर मारते हुए हरिद्वार बाईपास की ओर भागने का प्रयास किया।

पुलिस टीम ने तत्काल पीछा किया और कंट्रोल रूम के माध्यम से आसपास के थानों को भी सूचना दी। खांड गांव के पास घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने जंगल की ओर भागने का प्रयास किया, लेकिन उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई। इसके बाद दोनों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली पुलिस वाहन के साइड मिरर पर लगी।आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी। घायल होने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर अस्पताल पहुंचाया गया।

हथियार और मोटरसाइकिल बरामद

मौके से पुलिस ने एक फैक्ट्री मेड पिस्टल, एक अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस, खोखा कारतूस, नकदी तथा घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की।

हत्या के प्रयास के मामले में थे वांछित

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान आमिर (22 वर्ष), निवासी मुजफ्फरपुर, बिहार तथा अनवारूल हक उर्फ अनवर (24 वर्ष), निवासी सीतामढ़ी, बिहार के रूप में हुई है। दोनों कोतवाली ऋषिकेश में दर्ज जानलेवा हमले के मामले में वांछित चल रहे थे और उन पर 15-15 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

पुलिस जांच में सामने आया कि कुछ दिन पूर्व भुट्टोवाला क्षेत्र में सड़क किनारे शराब पीने को लेकर स्थानीय लोगों से उनका विवाद हुआ था। विवाद के दौरान दोनों ने अपने साथी वसीम के साथ मिलकर फायरिंग कर दी थी, जिसमें दो लोग घायल हो गए थे। घटना के बाद पुलिस ने उनके एक साथी को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि दोनों फरार चल रहे थे।

बिहार में हत्या और लूटकांड से भी जुड़ा है नाम

पूछताछ में अभियुक्तों ने खुलासा किया कि वे बिहार में एक लूट और हत्या के मामले में भी वांछित हैं। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर बिहार में एक व्यक्ति से लूटपाट की और गोली मारकर उसकी हत्या कर दी थी। इस मामले में बिहार के सीतामढ़ी जिले के नानपुर थाने में मुकदमा दर्ज है और बिहार पुलिस उनकी तलाश कर रही थी।

अभियुक्तों ने बताया कि बिहार पुलिस से बचने के लिए वे ऋषिकेश आए थे, जहां उनके साथी वसीम का ससुराल है। यहीं रहते हुए उन्होंने ऋषिकेश में भी फायरिंग की घटना को अंजाम दिया।

पुलिस टीम पर हमले का अलग मुकदमा दर्ज

पुलिस पर फायरिंग करने के मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली ऋषिकेश में हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट की धाराओं में एक और मुकदमा दर्ज किया गया है।

 पुलिस टीम को मिली सफलता

इस कार्रवाई को प्रभारी निरीक्षक कैलाश चंद्र भट्ट के नेतृत्व में कोतवाली ऋषिकेश और एसओजी की संयुक्त टीम ने अंजाम दिया। दून पुलिस की इस कार्रवाई को चारधाम यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular