Thursday, May 14, 2026
spot_img
HomeDehradunशिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने अधिकारियों को लगाई फटकार,तीन महीने से...

शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने अधिकारियों को लगाई फटकार,तीन महीने से वेतन लंबित होने पर शिक्षा मंत्री नाराज

प्रदेश के सहायता प्राप्त अशासकीय विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों और कर्मचारियों को पिछले तीन महीनों से वेतन नहीं मिलने के मामले को गंभीरता से लेते हुए विद्यालयी शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने विभागीय अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई करते हुए लंबित वेतन शीघ्र जारी करने के निर्देश दिए। शिक्षा मंत्री ने स्पष्ट कहा कि भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी भुगतान समय पर सुनिश्चित किए जाएं।
डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षकों और कर्मचारियों के हितों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी शिक्षक या कर्मचारी को अनावश्यक आर्थिक परेशानियों का सामना न करना पड़े, इसके लिए लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए।
उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज राष्ट्र निर्माण की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और सरकार उनके सम्मान एवं सुविधाओं के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि अशासकीय विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों एवं कर्मचारियों के वेतन भुगतान में जो भी तकनीकी या प्रशासनिक बाधाएं आ रही हैं, उन्हें जल्द दूर कर नियमित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने संबंधित विद्यालयों और विभागीय स्तर पर लंबित औपचारिकताओं को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि जल्द से जल्द वेतन निर्गत किया जा सके और शिक्षकों को राहत मिल सके।
अशासकीय माध्यमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने मामले में संज्ञान लेने और शीघ्र वेतन जारी करने के निर्देश देने पर शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत का आभार व्यक्त किया। संघ पदाधिकारियों ने मांग की कि राजकीय शिक्षकों की तर्ज पर अशासकीय विद्यालयों के शिक्षकों और कर्मचारियों का वेतन भी नियमित और समय पर जारी किया जाए।
विद्यालयी शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने उत्तरकाशी जिले के मोरी विकासखंड स्थित ओसला गांव में विद्यालय भवन नहीं होने संबंधी समाचारों का गंभीरता से संज्ञान लिया है। खबरों में दावा किया गया था कि गांव में पिछले 15 वर्षों से विद्यालय भवन का निर्माण नहीं हो पाया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए शिक्षा मंत्री ने विभागीय अधिकारियों को पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच कर तथ्यात्मक रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। जिला शिक्षा अधिकारी (बेसिक), उत्तरकाशी द्वारा जिलाधिकारी को भेजी गई रिपोर्ट में बताया गया है कि राजकीय प्राथमिक विद्यालय ओसला में वर्तमान में 24 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं और विद्यालय भवन अच्छी स्थिति में संचालित हो रहा है।
वहीं राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय ओसला में केवल एक छात्र अध्ययनरत है। छात्रहित को ध्यान में रखते हुए दोनों विद्यालयों का संचालन प्राथमिक विद्यालय भवन में ही किया जा रहा है।
रिपोर्ट के अनुसार वित्तीय वर्ष 2021-22 में राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय ओसला के भवन मरम्मत और रंग-रोगन के लिए जिला योजना के तहत 3.50 लाख रुपये स्वीकृत किए गए थे। हालांकि कार्यदायी संस्था ने इस राशि को अपर्याप्त बताया था। इसके बाद वर्ष 2022-23 में अतिरिक्त 1.50 लाख रुपये की स्वीकृति देकर यह धनराशि ग्रामीण निर्माण विभाग, उत्तरकाशी को हस्तांतरित की गई। विभाग को निर्माण कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular