HomeDehradun3 अक्टूबर को सीएम आवास कूच यथावत,सीबीआई जांच की घोषणा से संतुष्ट...

3 अक्टूबर को सीएम आवास कूच यथावत,सीबीआई जांच की घोषणा से संतुष्ट नहीं कांग्रेस

उत्तराखंड कांग्रेस ने यूके ट्रिपल एससी पेपर लीक मामले में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा सीबीआई जांच की संस्तुति की घोषणा को जनता को भ्रमित करने वाला कदम बताया है। पार्टी ने साफ कर दिया है कि 3 अक्टूबर को प्रस्तावित मुख्यमंत्री आवास कूच कार्यक्रम पूर्व नियोजित रूप से जोर-शोर से आयोजित किया जाएगा। यह ऐलान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (संगठन) सूर्यकांत धस्माना ने पार्टी मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में किया।
धस्माना ने कहा कि यदि सरकार की मंशा पारदर्शी होती तो मुख्यमंत्री केंद्र सरकार से तत्काल संस्तुति पत्र भेजकर 24 घंटे में जांच सीबीआई को सौंप सकते थे। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि 2017 में तत्कालीन मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने एनएच-74 घोटाले की सीबीआई जांच की घोषणा की थी, लेकिन आज तक वह जांच सीबीआई के हाथ में नहीं गई। अब एक बार फिर ऐसा ही भ्रम फैलाया जा रहा है, उन्होंने कहा। कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि तीन अक्टूबर को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय से मुख्यमंत्री आवास कूच का कार्यक्रम पूरी ताकत से आयोजित किया जाएगा। पार्टी कार्यकर्ता मुख्यमंत्री से उपरोक्त तीनों मांगों पर स्पष्ट और ठोस कार्रवाई की मांग करेंगे।
धस्माना ने यह भी कहा कि शुरुआत में बीजेपी और सरकार ने युवाओं के आंदोलन को कांग्रेस समर्थित, अराजक और राष्ट्रविरोधी करार दिया, लेकिन अब जब खुद मुख्यमंत्री आंदोलनस्थल पर जाकर सीबीआई जांच की घोषणा कर रहे हैं, तो सरकार और भाजपा नेताओं को युवाओं और आंदोलनकारियों से माफी मांगनी चाहिए।

बाक्स

कांग्रेस ने उठाए तीन प्रमुख सवाल

सीबीआई जांच की घोषणा केंद्र को क्यों नहीं भेजी गई?
मुख्यमंत्री के पास अधिकार है कि वे केंद्र को सीधे पत्र भेजकर सीबीआई से जांच शुरू करवा सकते हैं। परंतु, उन्होंने एसआईटी की जांच को यथावत जारी रखने की बात कही, जिससे उनकी मंशा पर सवाल खड़े होते हैं।

यूके ट्रिपल एससी अध्यक्ष गणेश सिंह मर्तोलिया को क्यों नहीं हटाया गया?
कांग्रेस का कहना है कि जिस संस्था पर पेपर लीक का आरोप है, उसके अध्यक्ष को अब तक पद से नहीं हटाया गया, यह सरकार की गंभीरता पर प्रश्नचिन्ह लगाता है।

लीक परीक्षा को निरस्त कर नई तिथि घोषित क्यों नहीं की गई?
धस्माना ने कहा कि सरकार को सबसे पहले लीक हो चुकी परीक्षा को रद्द कर नई परीक्षा तिथि की घोषणा करनी चाहिए थी, लेकिन यह भी अब तक नहीं हुआ।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular