देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्यसेवक सदन में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में विभिन्न विभागों में चयनित 276 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। चयनित अभ्यर्थियों में वन विभाग के 109, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग के 88, प्राविधिक शिक्षा विभाग के 65 तथा नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग के 14 युवा शामिल हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी नवचयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि नियुक्ति पत्र प्राप्त करना केवल नौकरी हासिल करना नहीं, बल्कि जनसेवा के नए दायित्व की शुरुआत है। वर्षों के परिश्रम, अनुशासन, संघर्ष और धैर्य के बाद मिली यह सफलता युवाओं की प्रतिभा, आत्मविश्वास और समर्पण का प्रमाण है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने भर्ती प्रक्रियाओं को पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और जवाबदेह बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। नकल माफियाओं और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए प्रदेश में देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। इसके परिणामस्वरूप आज युवाओं की सफलता का आधार केवल उनकी योग्यता और मेरिट है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत-2047 के लक्ष्य की ओर अग्रसर है और उत्तराखंड सरकार भी विकसित उत्तराखंड के संकल्प को साकार करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। राज्य में आधारभूत ढांचे का तेजी से विकास हो रहा है, निवेश बढ़ रहा है और युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ऐसी कार्यसंस्कृति को बढ़ावा दे रही है, जहां घोषणाओं से अधिक डिलीवरी, वादों से अधिक परिणाम और राजनीति से अधिक विकास को महत्व दिया जाता है। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी नवचयनित युवा पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए राज्य के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
समारोह में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, डॉ. धन सिंह रावत, रेखा आर्या, विधायक खजान दास, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक सविता कपूर, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

