Homeरामनगरचोपड़ा गांव में बाघ का हमला, महिला गंभीर रूप से घायल

चोपड़ा गांव में बाघ का हमला, महिला गंभीर रूप से घायल

पानी भरने गई महिला पर अचानक झपटा बाघ, ग्रामीणों की सतर्कता से बची जान

रामनगर। कोटा रेंज के अंतर्गत आने वाले चोपड़ा गांव में मंगलवार को बाघ के हमले से एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, जबकि वन विभाग ने इलाके में निगरानी बढ़ा दी है।

जानकारी के अनुसार चोपड़ा गांव निवासी उमा उर्फ रमा देवी, पत्नी भुवन चंद, घर के पास स्थित गूल से पानी भरने गई थीं। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे बाघ ने अचानक उन पर हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके की ओर दौड़ पड़े।

ग्रामीणों के शोर मचाने पर बाघ वहां से जंगल की ओर भाग गया। इसके बाद ग्रामीणों ने घायल महिला को तत्काल रामनगर के संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार महिला को कई स्थानों पर गंभीर चोटें आई हैं।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र का निरीक्षण किया। विभागीय अधिकारियों ने ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि बाघ की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। साथ ही प्रभावित क्षेत्र में गश्त और निगरानी बढ़ा दी गई है।

गांव में लगातार वन्यजीवों की बढ़ती गतिविधियों को लेकर ग्रामीणों में चिंता बनी हुई है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में पिंजरा लगाने और बाघ की निगरानी के लिए अतिरिक्त टीम तैनात करने की मांग की है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular