HomeDehradunसीमाद्वार में जलभराव पर डीएम सख्त, 24 घंटे में सफाई और डिवाटरिंग...

सीमाद्वार में जलभराव पर डीएम सख्त, 24 घंटे में सफाई और डिवाटरिंग के निर्देश

स्थायी समाधान के लिए ड्रेनेज सिस्टम की डीपीआर बनेगी,

न्यूकैंट रोड पर अवैध पार्किंग और अतिक्रमण पर कार्रवाई

देहरादून। बारिश के कारण शहर के सीमाद्वार क्षेत्र में जलभराव की समस्या को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने मंगलवार को आईटीबीपी रोड और सीमाद्वार क्षेत्र का औचक निरीक्षण कर जलभराव की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को तत्काल राहत के साथ-साथ जलभराव के स्थायी समाधान के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय विधायक सविता कपूर भी मौजूद रहीं।

जलभराव की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने नगर निगम को 24 घंटे के भीतर सड़क किनारे नालियों में जमा मलबे और कूड़े की सफाई कराने के निर्देश दिए। साथ ही डिवाटरिंग पंप के माध्यम से सड़कों और आसपास जमा पानी की तत्काल निकासी सुनिश्चित करने को कहा। लोक निर्माण विभाग को भी सड़क पर आवागमन सुचारू रखने के निर्देश दिए गए।

डीएम ने कहा कि जब तक जलभराव की समस्या का तत्काल समाधान नहीं हो जाता, तब तक पटवारी को सीमाद्वार क्षेत्र में ही स्टेशन कर स्थिति की लगातार निगरानी की जाएगी। पटवारी डिवाटरिंग कार्यों की मॉनिटरिंग के साथ स्थानीय स्तर पर सामने आने वाली छोटी-बड़ी समस्याओं का तत्काल निस्तारण सुनिश्चित करेगा। जलभराव के त्वरित समाधान के लिए जिलाधिकारी ने मौके पर ही आवश्यक बजट की स्वीकृति भी प्रदान की।

स्थायी समाधान के लिए बनेगी डीपीआर

जिलाधिकारी ने सीमाद्वार में बार-बार होने वाले जलभराव के स्थायी समाधान पर भी जोर दिया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता को क्षेत्र की जल निकासी व्यवस्था का विस्तृत सर्वे कराने और स्थायी ड्रेनेज सिस्टम के लिए डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए। डीएम ने स्पष्ट किया कि कार्ययोजना केवल कागजों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि उसके धरातल पर तेजी से क्रियान्वयन की भी जिम्मेदारी अधिकारियों की होगी।

उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान जलभराव के कारण आम लोगों को आवागमन में परेशानी नहीं होनी चाहिए। जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

न्यूकैंट रोड पर अवैध पार्किंग पर कार्रवाई

निरीक्षण के दौरान डीएम ने न्यूकैंट रोड पर यातायात व्यवस्था का भी जायजा लिया। सेंट्रियो मॉल क्षेत्र में सड़क के दोनों ओर अवैध रूप से खड़े दोपहिया और चौपहिया वाहनों को देखकर उन्होंने नाराजगी जताई। डीएम के निर्देश पर पुलिस ने सड़क किनारे अवैध रूप से पार्क किए गए वाहनों के मौके पर ही चालान किए।

सड़क किनारे संचालित अवैध फड़-फेरी और अस्थायी दुकानों को हटाने के निर्देश भी दिए गए। इसके साथ ही संबंधित विभाग को नो-पार्किंग के स्पष्ट संकेतक बोर्ड लगाने को कहा गया, ताकि सड़क पर वाहनों की अवैध पार्किंग रोकने के साथ यातायात व्यवस्था सुचारू रखी जा सके।

न्यूकैंट रोड के चौड़ीकरण का होगा सर्वे

बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता को न्यूकैंट रोड के चौड़ीकरण के लिए तत्काल विस्तृत सर्वे कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़क चौड़ीकरण में बाधा बन रही पुलिस चेकपोस्ट और अन्य संरचनाओं को आवश्यकता के अनुसार शिफ्ट कराने की कार्रवाई करने को कहा।

डीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि सड़क पर अतिक्रमण, अवैध पार्किंग और यातायात में बाधा किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्रवाई करें और क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाएं।

निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी सदर अपूर्वा सिंह, लोनिवि के अधीक्षण अभियंता ओपी सिंह, तहसीलदार सुरेंद्र देव सहित पुलिस, नगर निगम और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular