पहाड़ों में रोजगार के अवसर बढ़ाकर पलायन रोकने की दिशा में सरकार के प्रयास,
अंकिता हत्याकांड पर भी कांग्रेस को घेरा
देहरादून। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने युवा आयोग को लेकर कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि आयोग का गठन प्रदेश के युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए किया गया है। यह युवाओं की शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास, स्वरोजगार और अन्य समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने का स्थायी मंच बनेगा। उन्होंने कांग्रेस से युवाओं के मुद्दे पर राजनीति करने के बजाय आयोग के उद्देश्यों और उसकी भूमिका को समझने की अपील की।
चौहान ने कहा कि सरकार ने युवाओं के भविष्य को अपनी प्राथमिकताओं में शामिल किया है। युवा आयोग के माध्यम से युवाओं की समस्याओं और सुझावों को संस्थागत मंच मिलेगा और उनकी प्रतिभा व क्षमता को प्रदेश के विकास से जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि पहली बार युवाओं की आवाज को इस तरह स्थायी मंच देने की दिशा में कदम उठाया गया है।
पहाड़ में रोजगार से पलायन रोकने का दावा
भाजपा नेता ने कहा कि सरकार की स्पष्ट सोच है कि पहाड़ों से पलायन का स्थायी समाधान स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर पैदा करने से ही संभव है। इसी उद्देश्य से पौड़ी, चमोली और अल्मोड़ा में तीन नए औद्योगिक पार्क विकसित किए जा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि इन क्षेत्रों में स्थानीय युवाओं को रोजगार और उद्यमिता के अवसरों में प्राथमिकता देने का प्रयास किया जाएगा।
चौहान ने बताया कि ‘मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना’ के तहत सरकारी स्कूलों में कक्षा 11वीं और 12वीं के 10 हजार मेधावी विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की निशुल्क ऑनलाइन कोचिंग उपलब्ध कराने का प्रावधान किया गया है। इसके लिए सात करोड़ रुपये का बजट रखा गया है।
उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं को केवल नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनाने की दिशा में भी काम कर रही है। 18 से 30 वर्ष की आयु के युवाओं के लिए स्वरोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा देने के तहत आईआईटी और आईआईएम जैसे संस्थानों से प्रशिक्षण तथा नया उद्यम शुरू करने के लिए बैंक ऋण पर 30 प्रतिशत सब्सिडी का प्रावधान किया गया है।
सरकारी नौकरी और स्वरोजगार पर सरकार का जोर
चौहान ने दावा किया कि धामी सरकार के कार्यकाल में करीब 50 हजार युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्तियां मिली हैं, जबकि स्वरोजगार की विभिन्न योजनाओं से बड़ी संख्या में युवा और आम लोग लाभान्वित हुए हैं। उन्होंने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता के लिए सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है और भर्ती घोटालों में कार्रवाई की गई है।
अंकिता प्रकरण पर कांग्रेस पर निशाना
भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी ने अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर भी कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि संवेदनशील मामले को बार-बार राजनीतिक आरोपों का माध्यम बनाना कांग्रेस की अवसरवादी राजनीति को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को केवल भावनात्मक बयान देने के बजाय यह बताना चाहिए कि अब तक हुई कानूनी और न्यायिक कार्रवाई के बाद वह नया क्या करना चाहती है।
चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुरुआत से ही अंकिता के परिवार के साथ खड़े रहे हैं और परिवार की मांगों को गंभीरता से लिया गया। उन्होंने कहा कि परिवार की मांग पर राज्य सरकार ने सीबीआई जांच की सिफारिश की थी।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस युवाओं और अंकिता प्रकरण जैसे संवेदनशील मुद्दों के जरिए राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रही है। चौहान ने कहा कि युवाओं के मुद्दे पर राजनीति करने से कांग्रेस को कोई लाभ नहीं मिलेगा और आरोपों तथा दुष्प्रचार के जरिए सत्ता हासिल करने का उसका सपना पूरा नहीं होने वाला है।

