सीएम धामी और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने सांसदों-विधायकों से लिया फीडबैक,
संगठन की मजबूती और आगामी चुनावी रणनीति पर हुई चर्चा
देहरादून। उत्तराखंड भाजपा की गढ़वाल मंडल को लेकर आयोजित महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हो गई। भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट की अध्यक्षता में हुई बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत गढ़वाल मंडल के सांसद, विधायक और जिला अध्यक्ष शामिल हुए। बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन की तैयारियों और क्षेत्रवार राजनीतिक स्थिति पर विस्तार से मंथन किया गया।
बैठक के दौरान टिहरी, पौड़ी गढ़वाल और हरिद्वार लोकसभा क्षेत्रों के जनप्रतिनिधियों से अलग-अलग चरणों में संवाद किया गया। प्रदेश नेतृत्व ने संबंधित क्षेत्रों में संगठन की स्थिति, जनप्रतिनिधियों के स्तर पर चल रहे कार्यों और स्थानीय स्तर पर सामने आ रहे मुद्दों को लेकर फीडबैक लिया।
बैठक में क्षेत्रीय समस्याओं और जनता से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाने तथा संगठन और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया गया। पार्टी नेतृत्व ने आगामी चुनाव को देखते हुए बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और सरकार की योजनाओं एवं उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने की रणनीति पर भी चर्चा की।
तीनों लोकसभा क्षेत्रों की बैठकों में स्थानीय राजनीतिक परिस्थितियों और संगठन की स्थिति को लेकर जनप्रतिनिधियों से सीधे जानकारी ली गई। प्रदेश नेतृत्व ने चुनावी तैयारियों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
भाजपा की यह बैठक आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से अहम मानी जा रही है। पार्टी नेतृत्व अब अलग-अलग क्षेत्रों से मिले फीडबैक के आधार पर आगे की रणनीति तैयार करेगा।

