महानगर कांग्रेस कमेटी देहरादून ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के राष्ट्रव्यापी अभियान “छात्रों की गूंज” के तहत आगामी 17 जुलाई को देहरादून में आयोजित होने वाले विशाल छात्र-युवा संवाद कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में शनिवार को कांग्रेस भवन में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रम की रूपरेखा, संगठनात्मक तैयारियों, छात्र-युवा सहभागिता और विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक का संचालन महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने किया।
बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) सदस्य गुरदीप सिंह सप्पल, चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष एवं चकराता विधायक प्रीतम सिंह, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत, प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना, प्रदेश अध्यक्ष अनुसूचित विभाग मदन लाल सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि “छात्रों की गूंज” केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रदेश के छात्रों और युवाओं की वास्तविक समस्याओं को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का एक सशक्त अभियान है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी शिक्षा व्यवस्था में व्याप्त भ्रष्टाचार, पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में देरी और बढ़ती बेरोज़गारी जैसे मुद्दों पर युवाओं के साथ मजबूती से खड़ी है। उनका कहना था कि 17 जुलाई को होने वाला संवाद कार्यक्रम युवाओं की आवाज़ को नई दिशा देने का कार्य करेगा।
कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) सदस्य गुरदीप सिंह सप्पल ने कहा कि राहुल गांधी का यह अभियान देशभर के छात्रों और युवाओं को अपनी बात खुलकर रखने का लोकतांत्रिक मंच प्रदान कर रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का उद्देश्य युवाओं की आकांक्षाओं, संघर्षों और सुझावों को सुनकर उन्हें पार्टी की नीतियों और जनआंदोलनों का आधार बनाना है। उत्तराखंड में आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम राष्ट्रीय अभियान की महत्वपूर्ण कड़ी साबित होगा।
पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं चकराता विधायक प्रीतम सिंह तथा पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत ने कहा कि 17 जुलाई का छात्र-युवा संवाद कार्यक्रम ऐतिहासिक होगा। उन्होंने बताया कि देहरादून महानगर कांग्रेस ने कार्यक्रम की सभी तैयारियां शुरू कर दी हैं और बड़ी संख्या में छात्र, युवा, शिक्षाविदों तथा समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी युवाओं के भविष्य से जुड़े प्रत्येक मुद्दे पर संघर्षरत है और उनकी आवाज़ को बुलंद करने के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।
बैठक में उपस्थित सभी नेताओं ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक छात्रों और युवाओं को कार्यक्रम से जोड़कर इसे सफल बनाएं, ताकि शिक्षा, रोजगार और युवाओं के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से राष्ट्रीय स्तर पर उठाया जा सके।
बैठक में ब्लॉक अध्यक्ष ललित बद्री, जितेन्द्र तनेजा, राजीव प्रजापति, राजेश पुंडीर, अर्जुन पासी, विजय सिंह, संजय उनियाल, अनूप सक्सेना, सरिता बिष्ट, मुनिक अहमद भूरा, वीरेंद्र पंवार, सुनील थपलियाल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

