देहरादून, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को देहरादून जनपद के सहसपुर स्थित श्री गुरु रामराय पब्लिक स्कूल में सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ बहुउद्देशीय जनसेवा शिविर में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने जनसमस्याएं सुनीं, विभिन्न विभागों की योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र एवं सहायता सामग्री वितरित की तथा अधिकारियों को मौके पर ही जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य शासन-प्रशासन को जनता के और अधिक निकट लाना है। सरकार की प्राथमिकता है कि आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, बल्कि सरकार स्वयं उनके द्वार तक पहुंचकर सेवाएं उपलब्ध कराए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि है और सुशासन का वास्तविक अर्थ संवेदनशील, जवाबदेह तथा जनकेंद्रित प्रशासन है।
65 दिनों में 700 जनसेवा शिविर, 5 लाख से अधिक लोगों ने किया प्रतिभाग
मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के प्रथम चरण में प्रदेशभर में 65 दिनों के दौरान लगभग 700 जनसेवा शिविर आयोजित किए गए, जिनमें 5 लाख से अधिक लोगों ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि यह अभियान शासन और जनता के बीच विश्वास को मजबूत करने के साथ-साथ सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बना है।
उन्होंने बताया कि देहरादून जनपद में 46 जनसेवा शिविरों का आयोजन किया गया, जिनमें 60 हजार से अधिक नागरिकों ने सहभागिता की तथा करीब 39 हजार लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ मौके पर ही उपलब्ध कराया गया।
सेवा पखवाड़े में अब तक 64 हजार से अधिक लोगों की सहभागिता
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार के सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ के पांच वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर पूरे प्रदेश में सेवा पखवाड़ा आयोजित किया जा रहा है। 4 जुलाई से शुरू हुए सेवा पखवाड़े के दौरान अब तक 64 हजार से अधिक नागरिकों ने विभिन्न जनसेवा शिविरों में भाग लिया है।
उन्होंने जानकारी दी कि इस अवधि में प्राप्त 5,567 जनसमस्याओं में से 4,951 समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जा चुका है, जबकि 2,522 नागरिकों को विभिन्न प्रमाण-पत्रों एवं सरकारी सेवाओं से लाभान्वित करने की प्रक्रिया संचालित की गई है।
मुख्यमंत्री की उपस्थिति में आयोजित सहसपुर जनसेवा शिविर में एक हजार से अधिक लोगों ने पंजीकरण कराया। शिविर में विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों को प्रदान किया गया। कई लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र और अन्य सहायता सामग्री वितरित की गई। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ मौके पर ही आवश्यक सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं।
प्रधानमंत्री के विजन के अनुरूप आगे बढ़ रहा उत्तराखंड
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड विकास के नए प्रतिमान स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का “21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक होगा” का विजन तेजी से साकार हो रहा है। राज्य में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, पर्यटन, उद्योग, निवेश और हवाई संपर्क सहित सभी क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है।
समान नागरिक संहिता और नकल विरोधी कानून का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू कर सामाजिक न्याय की दिशा में ऐतिहासिक पहल की है। वहीं युवाओं के हितों की रक्षा के लिए देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। इसके परिणामस्वरूप 34 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से सरकारी सेवाओं में नियुक्तियां मिली हैं। उन्होंने कहा कि सरकार भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जा रही है।
सहसपुर में विकास कार्यों का लिया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने कहा कि सहसपुर विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य, पेयजल, शिक्षा, सड़क, सिंचाई, बाढ़ सुरक्षा और कृषि के क्षेत्र में अनेक महत्वपूर्ण विकास कार्य किए गए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ‘विकसित भारत के लिए विकसित उत्तराखंड’ के संकल्प को साकार करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है तथा प्रत्येक नागरिक तक विकास और जनकल्याण का लाभ पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मौके पर सुनीं जनसमस्याएं, अधिकारियों को दिए निर्देश
जनसेवा शिविर के दौरान मुख्यमंत्री ने स्वयं आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं प्रभावी तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए ताकि लोगों को शीघ्र राहत मिल सके।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, सहसपुर विधायक सहदेव सिंह पुंडीर, दायित्वधारी विनय रोहिला, पुनीत मित्तल, ओमवीर सिंह, भुवन विक्रम डबराल, भाजपा जिलाध्यक्ष मीता सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष नीरू देवी, अपर सचिव मुख्यमंत्री बंशीधर तिवारी, जिलाधिकारी देहरादून डॉ. आशीष चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोभाल, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

