विकासनगर थाना क्षेत्र के कुल्हाल में हुई ट्रैक्टर चोरी की वारदात को देहरादून पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस ने घटना में शामिल आरोपी को चोरी किए गए ट्रैक्टर सहित गिरफ्तार कर लिया है।
2 सितंबर को वादी अकबर अली पुत्र नूर मोहम्मद, निवासी कुल्हाल, ने थाना विकासनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनका ट्रैक्टर संख्या यूके-16-जी-0203 (लाल रंग) जो प्लॉट में खड़ा था, रात में चोरी हो गया। तहरीर के आधार पर थाना विकासनगर में धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। साथ ही, मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए रात में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
3 सितंबर की रात को मुखबिर की सूचना पर कुल्हाल पावर हाउस के पास से पुलिस ने आरोपी शोएब पुत्र लियाकत अली (उम्र 23 वर्ष) निवासी कुल्हाल को चोरी किए गए ट्रैक्टर सहित धर दबोचा।
पूछताछ में शोएब ने बताया कि उसने जल्दी पैसा कमाने के लालच में ट्रैक्टर चोरी किया था और उसे हिमाचल प्रदेश में बेचने की फिराक में था। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक विकसित पंवार चौकी प्रभारी कुल्हाल, उपनिरीक्षक सनोज कुमार, चौकी प्रभारी हरबर्टपुर, कांस्टेबल अनिल सालार, कांस्टेबल गौरव, कांस्टेबल जितेन्द्र सिंह (एसओजी) शामिल थे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर न सिर्फ वाहन को बरामद किया, बल्कि आरोपी को भी कानून के शिकंजे में लाकर स्थानीय जनता में विश्वास मजबूत किया है।

