HomeDehradunचढ़ावा चोरी प्रकरण में कांग्रेस का हमला, गोदियाल बोले- ऊपर तक पहुंचे...

चढ़ावा चोरी प्रकरण में कांग्रेस का हमला, गोदियाल बोले- ऊपर तक पहुंचे तार

बद्रीनाथ चढ़ावा चोरी मामले में कांग्रेस का बड़ा दावा,

गणेश गोदियाल ने BKTC अध्यक्ष से इस्तीफे की मांग की

बद्रीनाथ धाम में चढ़ावा चोरी प्रकरण को लेकर उत्तराखंड में सियासत तेज हो गई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने दावा किया है कि मामले में गिरफ्तार दूसरे आरोपी पूर्व मंदिर अधिकारी राजेंद्र चौहान के कथित खुलासे के बाद जांच की कड़ियां बद्री-केदार मंदिर समिति (BKTC) के शीर्ष स्तर तक पहुंचती हैं। उन्होंने BKTC अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी से तत्काल इस्तीफा देने की मांग की है।

प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पत्रकार वार्ता के दौरान गणेश गोदियाल ने कहा कि जांच के दौरान आरोपी राजेंद्र चौहान ने कथित तौर पर बताया है कि उसे आदेश पूर्व मंदिर अधिकारी प्रमोद नौटियाल से मिलते थे और नौटियाल को आदेश BKTC अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी से मिलते थे। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है और मामले की जांच जारी है।

गोदियाल ने कहा कि यदि जांच में सामने आए कथित बयानों की पुष्टि होती है तो यह मामला केवल कुछ कर्मचारियों की चोरी तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि मंदिर समिति के प्रशासनिक तंत्र की भूमिका पर भी गंभीर सवाल खड़े होंगे। उन्होंने कहा कि ऐसे में BKTC अध्यक्ष को नैतिक आधार पर पद से इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री से भी मांग की कि निष्पक्ष जांच के लिए हेमंत द्विवेदी को पद से हटाया जाए, ताकि जांच प्रभावित न हो।

मुख्यमंत्री की चुप्पी पर उठाए सवाल कहा ये रिश्ता क्या कहलाता है:

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की चुप्पी पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि बद्रीनाथ धाम करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है और चढ़ावा चोरी का मामला बेहद संवेदनशील है। ऐसे में सरकार को पूरे मामले पर स्पष्ट रुख रखते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री धामी और हेमंत द्विवेदी का रिश्ता क्या कहलाता है की पूर्व बीजक घोटालों के दोषी को बीकेटीसी का अध्यक्ष बनाया।

चढ़ावे के राशन और धन के दुरुपयोग का भी लगाया आरोप

गोदियाल ने आरोप लगाया कि ऋषिकेश स्थित BKTC कार्यालय से भगवान बद्रीनाथ के नाम का राशन और धन कथित तौर पर यमकेश्वर विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक लाभ के लिए भेजा जा रहा है। उन्होंने इस मामले की भी जांच की मांग की। हालांकि, इन आरोपों पर संबंधित पक्ष का आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है।

उच्चस्तरीय जांच समिति गठित करने की मांग

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच के लिए उच्चस्तरीय जांच समिति गठित की जानी चाहिए, जिसकी अध्यक्षता सुप्रीम कोर्ट या हाईकोर्ट के वर्तमान न्यायाधीश करें। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने तक सभी संबंधित पक्षों की भूमिका की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

पुराने आरोपों को लेकर भी सरकार पर निशाना

गोदियाल ने अपने खिलाफ लगाए जा रहे पुराने आरोपों को लेकर भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बद्रीनाथ चढ़ावा चोरी के मुद्दे से ध्यान भटकाने के लिए उनके पुराने कार्यकाल से जुड़े आरोपों को उठाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार को पुराने राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बजाय वर्तमान चोरी प्रकरण की निष्पक्ष जांच पर ध्यान देना चाहिए।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि BKTC अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी के पूर्व कार्यकाल से जुड़े वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों की भी जांच होनी चाहिए। कांग्रेस अध्यक्ष ने सरकार से मांग की कि वह पूरे मामले में अपनी भूमिका स्पष्ट करे और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करे।

पत्रकार वार्ता में प्रदेश महामंत्री संगठन राजेंद्र भंडारी, प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह, अभिनव थापर, राजेश चमोली, सोशल मीडिया प्रभारी अमरजीत सिंह, अश्वनी बहुगुणा सहित अन्य कांग्रेस नेता मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular