HomeDehradun17 से 26 जून तक चलेगा ‘नशा मुक्त भारत अभियान’, जनपद में...

17 से 26 जून तक चलेगा ‘नशा मुक्त भारत अभियान’, जनपद में होंगे व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम

खेल प्रतियोगिताओं, रैलियों, योग, नुक्कड़ नाटकों और शपथ ग्रहण कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को किया जाएगा जागरूक

देहरादून। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार तथा समाज कल्याण विभाग, उत्तराखंड के निर्देशानुसार जनपद देहरादून में 17 जून से 26 जून 2026 तक “नशा मुक्त भारत अभियान – विकसित भारत की पहचान” विषय पर विशेष जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत जिलेभर में विभिन्न विभागों और संस्थाओं के सहयोग से नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल ने बताया कि मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह के निर्देशानुसार जनपद के सभी विकासखंडों, बहुउद्देशीय शिविरों, पंचायत स्तरीय बैठकों और विभिन्न संस्थानों में नशा मुक्ति संबंधी गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। अभियान के दौरान ऑनलाइन और ऑफलाइन शपथ ग्रहण कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं तथा आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि 17 से 20 जून के बीच फुटबॉल, वॉलीबॉल और मैराथन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, जिनमें करीब 400 प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना है। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रथम तीन स्थान प्राप्त प्रतिभागियों को पुरस्कृत भी किया जाएगा।

इसके अलावा 21 से 26 जून तक प्रत्येक विकासखंड स्तर पर रैली, दौड़ प्रतियोगिता, वॉकाथॉन, भाषण प्रतियोगिता, योग प्रतियोगिता, हस्ताक्षर अभियान और नुक्कड़ नाटकों का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य युवाओं और समाज के विभिन्न वर्गों को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।

अभियान के अंतर्गत राजकीय डॉ. भीमराव आंबेडकर बालक छात्रावास कण्डोली, महिला आईटीआई परिसर, राजकीय नशा मुक्ति केंद्र रायवाला, सीआईएमएस तथा यूआईएचएमटी ग्रुप ऑफ कॉलेज सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों और नशा मुक्ति केंद्रों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही नशा प्रभावित और चिन्हित हॉटस्पॉट क्षेत्रों में भी व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।

जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि नशे के विरुद्ध जनजागरूकता के क्षेत्र में कार्यरत स्वैच्छिक संस्थाओं को भी अभियान से जोड़ा गया है। उन्होंने सभी विभागों, सामाजिक संगठनों और युवाओं से अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील करते हुए कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण में जनसहभागिता की महत्वपूर्ण भूमिका है।

इस बीच मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि अभियान के दौरान आयोजित कार्यक्रमों के फोटोग्राफ, वीडियो और व्यय विवरण निर्धारित समयावधि में जिला समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय को उपलब्ध कराए जाएं, ताकि अभियान की प्रभावी मॉनिटरिंग और मूल्यांकन सुनिश्चित किया जा सके।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular