Tuesday, February 10, 2026
spot_img
Homeहरिद्वारदो गुटों में खूनी संघर्ष मामला, पड़ताल में जुटी पुलिस

दो गुटों में खूनी संघर्ष मामला, पड़ताल में जुटी पुलिस

रुड़की: हरिद्वार जनपद के मंगलौर कोतवाली क्षेत्र से एक रूह कंपा देने वाला मामला सामने आया है। मंगलौर क्षेत्र के घोसीपुरा गांव में बीते दिन हुए दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष मामले में एक युवक हाथ में तमंचा लिए सरेआम घूमता हुआ नजर आया, जब लोगों ने उसे पकडा तो चौंकाने वाली बात सामने आई। पकड़े जाने पर युवक ने कैमरे के सामने उसे हत्या की सुपारी देकर भेजे जाने की बात कही। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल करने में लगी हुई है। मंगलौर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह ने कहा कि अभी तक की जांच में सामने आया है कि कुछ लोग युवक से जबरदस्ती ऐसा बयान दिला रहे हैं, मामले की जांच की जा रही है।
दरअसल सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, वायरल वीडियो मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के घोसीपुरा गांव का बताया जा रहा है। घोसीपुरा गांव में बीते दिन 7 फरवरी को दो पक्षों में पुरानी चुनावी रंजिश को लेकर खूनी संघर्ष हो गया था, वहीं इस खूनी संघर्ष में एक ही पक्ष के दो लोग घायल हो गए थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बिना देरी किए अपने सरकारी वाहन से घायलों को उपचार के लिए रुड़की के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां से एक की हालत को नाजुक मानते हुए डॉक्टरों ने हायर सेंटर के लिए रेफर किया था। हालांकि अभी इस बवाल की आग ठंडी भी नहीं हुई थी कि इस घटना से संबंधित एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
वहीं वीडियो सामने आने के बाद मामले में नया मोड़ ला दिया है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक युवक के हाथ में देशी तमंचा है और कुछ लोग उसे घेरे हुए हैं। ​बताया गया है कि ग्रामीणों ने जब युवक को दबोचा और उससे पूछताछ की तो उसने जो खुलासा किया वो दंग करने वाला था। दरअसल युवक ने कैमरे के सामने कबूला कि उसे ‘दिलशाद’ नाम के शख्स ने ‘सद्दाम’ को गोली मारने के लिए भेजा है। वहीं जब ग्रामीणों ने उसे पकड़ने की कोशिश की तो युवक तमंचा लहराते हुए मौके से फरार हो गया, वहीं इस वीडियो के वायरल होने के बाद से ही मंगलौर कोतवाली पुलिस एक्शन मोड में आ गई है। हालांकि पुलिस ने पहले ही घायलों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया था। लेकिन अब इस तमंचा वाला वायरल वीडियो को पुलिस ने बेहद गंभीरता से लिया है। फिलहाल पुलिस इस वायरल वीडियो की सत्यता तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
मंगलौर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह का कहना है कि वायरल वीडियो उनके संज्ञान में है। वीडियो में तमंचे के साथ जो युवक दिखाई दे रहा है उसकी तलाश की जा रही है। उनका कहना है कि अभी तक की जांच में सामने आया है कि कुछ लोग युवक से जबरदस्ती ऐसा बयान दिला रहे हैं, लेकिन मामले की गंभीरता से जांच पड़ताल की जा रही।

 

 

 

 

 

RELATED ARTICLES

Most Popular