उत्तराखंड हाईकोर्ट के अतिरिक्त न्यायाधीश के रूप में नैनीताल निवासी सिद्धार्थ साह ने शपथ ग्रहण की। मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति जी नरेंदर ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। उनके शपथ ग्रहण के बाद हाईकोर्ट में जजों की संख्या 10 हो गई है।
गुरुवार को हाईकोर्ट में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में रजिस्ट्रार जनरल योगेश कुमार गुप्ता ने सिद्धार्थ साह को न्यायाधीश नियुक्त करने संबंधी राष्ट्रपति के हस्ताक्षर वाले वारंट को पढ़ा। इसके बाद मुख्य न्यायाधीश ने उन्हें उत्तराखंड हाईकोर्ट के अतिरिक्त न्यायाधीश के रूप में शपथ दिलाई।
इस अवसर पर वरिष्ठ न्यायाधीश न्यायमूर्ति मनोज तिवारी, न्यायमूर्ति रविंद्र मैठाणी, न्यायमूर्ति आलोक वर्मा, न्यायमूर्ति राकेश थपलियाल, न्यायमूर्ति पंकज पुरोहित, न्यायमूर्ति आशीष नैथानी, न्यायमूर्ति आलोक मेहरा, न्यायमूर्ति सुभाष उपाध्याय, महाधिवक्ता एसएन बाबुलकर, मुख्य स्थायी अधिवक्ता सीएस रावत, बार एसोसिएशन अध्यक्ष डीसीएस रावत, महासचिव सौरभ अधिकारी, बार काउंसिल सदस्य डीके शर्मा, वरिष्ठ अधिवक्ता अवतार सिंह रावत, और एमसी कांडपाल सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


