HomeUncategorizedगोदियाल आरोपों से नहीं बच सकते: चौहान

गोदियाल आरोपों से नहीं बच सकते: चौहान

मंदिर चढ़ावा प्रकरण पर भाजपा का कांग्रेस पर पलटवार,

मनवीर चौहान बोले— आरोपी कर्मचारी को नियम विरुद्ध पदोन्नति देने के आरोपों से नहीं बच सकते गणेश गोदियाल

मंदिर चढ़ावा प्रकरण को लेकर भाजपा ने कांग्रेस पर गैरजिम्मेदाराना राजनीति करने का आरोप लगाया है। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने कहा कि बिना जांच पूरी हुए पूरे सिस्टम को कठघरे में खड़ा करना उचित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल स्वयं आरोपी कर्मचारी को स्थायी करने और नियमों के विपरीत वैयक्तिक सहायक (पीए) के पद पर तैनाती देने के आरोपों से बच नहीं सकते।

मनवीर चौहान ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दूसरों पर आरोप लगाने से पहले आत्मावलोकन करें। उनका कहना था कि मंदिर समिति से जुड़े मामलों में अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोपों से कांग्रेस नेतृत्व अछूता नहीं रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2014 में चोरी के आरोपी कर्मचारी को स्थायी किया गया तथा नियमों के विपरीत वैयक्तिक सहायक का नया पद सृजित कर उस पर नियुक्ति दी गई। ऐसे में अब अन्य लोगों पर आरोप लगाकर अपनी तत्कालीन प्रशासनिक और संवैधानिक जिम्मेदारियों से बचा नहीं जा सकता।

भाजपा मीडिया प्रभारी ने कहा कि स्मार्ट सिटी या अन्य उदाहरण देकर इस मामले से ध्यान भटकाने का प्रयास किया जा रहा है, जबकि वर्तमान मामले में बिना किसी जांच और तथ्यात्मक प्रमाण के दूसरों को दोषी ठहराना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि इस तरह के राजनीतिक आरोप न केवल संबंधित संस्थाओं की प्रतिष्ठा को प्रभावित करते हैं, बल्कि सनातन आस्था और श्रद्धालुओं के विश्वास को भी आघात पहुंचाते हैं।

मनवीर चौहान ने कहा कि इस पूरे मामले में सभी पक्षों को जांच प्रक्रिया में सहयोग करना चाहिए, ताकि सच्चाई पूरी तरह सामने आ सके। उनका कहना था कि पवित्र धामों में चोरी जैसी घटनाएं केवल किसी व्यक्ति या संस्था की प्रतिष्ठा का विषय नहीं हैं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था और विश्वास से जुड़ी हैं। इसलिए इस संवेदनशील मुद्दे पर राजनीतिक बयानबाजी से बचना चाहिए।

उन्होंने कहा कि विशेष रूप से देवभूमि उत्तराखंड के राजनीतिक दलों और नेताओं को ऐसे मामलों में संयम और जिम्मेदारी का परिचय देना चाहिए। यदि इस विषय पर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला आगे बढ़ता है तो उन लोगों की भूमिका और पुराने कार्यकलापों पर भी चर्चा होगी, जो वर्तमान में दूसरों पर आरोप लगा रहे हैं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular