हरक सिंह बोले—2027 में कांग्रेस बनाएगी सरकार;
भाजपा ने कहा—सिर्फ बयानबाजी से चुनाव नहीं जीते जाते
देहरादून, हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के बाद उत्तराखंड की राजनीति में चुनावी दावों और पलटवार का दौर तेज हो गया है। कांग्रेस नेता हरक सिंह रावत ने दावा किया है कि खड़गे के दौरे के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में नया उत्साह आया है और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की सरकार बनना तय है।
हरक सिंह रावत ने कहा कि पहले कांग्रेस 35-36 सीटें जीतने का दावा कर रही थी, लेकिन अब पार्टी 45 से अधिक सीटें जीतने की स्थिति में है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार के खिलाफ माहौल बन रहा है और कांग्रेस को जनता का व्यापक समर्थन मिल रहा है।
हरक सिंह रावत के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता मथुरा दत्त जोशी ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हरक सिंह रावत ने गलती से भाजपा का नाम ले लिया, जबकि उनका इशारा अपनी ही पार्टी की स्थिति की ओर था। जोशी ने कहा कि कांग्रेस के भीतर जिस तरह खींचतान और गुटबाजी चल रही है, उससे पार्टी अपनी जीती हुई सीटें भी गंवा सकती है।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि सिर्फ बयानबाजी से चुनाव नहीं जीते जाते, इसके लिए मजबूत संगठन, समर्पित कार्यकर्ता और जनता का विश्वास आवश्यक होता है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने में जुटी है और आगामी चुनाव के लिए पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतरेगी।
उधर, 2027 विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहे हैं, उत्तराखंड में राजनीतिक गतिविधियां तेज होती जा रही हैं। कांग्रेस और भाजपा दोनों दल अपने-अपने संगठनात्मक कार्यक्रमों और जनसंपर्क अभियानों के जरिए कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने में जुटे हैं। विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में दोनों दलों के कई नेता टिकट के दावेदार के रूप में सामने आ रहे हैं, जिससे आगामी चुनाव में टिकट वितरण दोनों प्रमुख दलों के लिए चुनौतीपूर्ण हो सकता है।
प्रदेश में आने वाले महीनों में दोनों दलों के बीच चुनावी दावों, शक्ति प्रदर्शन और संगठनात्मक गतिविधियों की रफ्तार और तेज होने की संभावना है।

