जीतपुर नेगी क्षेत्र की सड़क और नाले की समस्या को लेकर कराया स्थलीय निरीक्षण
नगर निगम क्षेत्र के जीतपुर नेगी इलाके की सड़क और नाले की समस्या को लेकर महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने सोमवार को उत्तराखंड सरकार के वन मंत्री एवं कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल का नगर में स्वागत किया और उन्हें क्षेत्रीय समस्याओं से अवगत कराते हुए स्थलीय निरीक्षण कराया।
यह क्षेत्र कालाढूंगी विधानसभा अंतर्गत आता है और लंबे समय से यहां के नागरिक सड़क और नाले की सुविधाओं की कमी से परेशान हैं। महापौर बिष्ट ने वन भूमि से संबंधित अड़चनों के चलते अटके हुए कार्यों की जानकारी दी और इन पर शीघ्र समाधान की मांग की।
निरीक्षण के दौरान मंत्री सुबोध उनियाल ने अधिकारियों को मौके पर ही त्वरित कार्यवाही के निर्देश दिए और कहा कि जनहित से जुड़े इस कार्य को जल्द शुरू किया जाएगा। उन्होंने महापौर को आश्वस्त किया कि आवश्यक विभागीय समन्वय कर कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शुरू किया जाएगा।
महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने मंत्री उनियाल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार का सहयोग मिलने से जीतपुर नेगी क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित समस्याओं का समाधान शीघ्र हो सकेगा।
स्थानीय नागरिकों ने भी मंत्री एवं महापौर का आभार जताया और उम्मीद जताई कि जल्द ही उन्हें बेहतर आधारभूत सुविधाएं प्राप्त होंगी।


