Thursday, April 16, 2026
spot_img
HomeHaldwaniउत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय के 18,146 छात्रों को दी दीक्षांत उपाधियाँ, 6 शोधार्थियों...

उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय के 18,146 छात्रों को दी दीक्षांत उपाधियाँ, 6 शोधार्थियों को पीएचडी को से सम्मानित

हल्द्वानी। उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय के दशम दीक्षांत समारोह में राज्यपाल एवं कुलाधिपति लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर कुल 18,146 विद्यार्थियों को स्नातक, स्नातकोत्तर एवं डिप्लोमा स्तर की उपाधियाँ प्रदान की गईं, जबकि 6 शोधार्थियों को पीएच.डी. की उपाधि से सम्मानित किया गया।
राज्यपाल ने विद्यार्थियों को युवा दिवस की बधाई देते हुए कहा कि सत्य, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के मूल्यों के साथ निरंतर सीखते रहने का संदेश अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने विश्वविद्यालय के शैक्षिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यह संस्थान उच्च शिक्षा को घर-घर पहुँचाने का कार्य कर रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित किया कि वे अपने ज्ञान का उपयोग प्रदेश के सुदूर क्षेत्रों में शिक्षा को पहुँचाने और समाज को जोड़ने में करें।
राज्यपाल ने आगे कहा कि शिक्षा एक अनवरत चलने वाली प्रक्रिया है, और जीवन में सीखने की वृत्ति हमेशा बनाए रखनी चाहिए। डिजिटल शिक्षा आज के युग में अनिवार्य है, और राष्ट्र की प्रगति शिक्षा प्रणाली के स्तर से तय होती है। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन को राष्ट्रीय शिक्षा नीति के सफल कार्यान्वयन के लिए भी बधाई दी।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने शैक्षणिक सत्र 2024-25 की प्रगति रिपोर्ट पेश की, जिसमें विश्वविद्यालय के शैक्षणिक विस्तार, शोध गतिविधियों एवं शिक्षण गुणवत्ता सुदृढ़ीकरण के प्रयासों की जानकारी दी गई।
दीक्षांत समारोह में विद्यापरिषद एवं कार्यपरिषद के सदस्य, अन्य विश्वविद्यालयों के कुलपति, जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, महापौर, विधायक, दर्जा मंत्री, पूर्व सांसद और विश्वविद्यालय के निदेशक एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
यह समारोह शिक्षा के महत्व, छात्र-छात्राओं की उपलब्धियों और विश्वविद्यालय की योगदानशील भूमिका को उजागर करने का अवसर रहा।

RELATED ARTICLES

Most Popular