HomeDehradunसीएम ने किया ‘सांसद खेल महोत्सव’ का शुभारंभ

सीएम ने किया ‘सांसद खेल महोत्सव’ का शुभारंभ

फिट इंडिया, स्पोर्ट्स इंडिया, स्ट्रॉन्ग इंडिया के संदेश को गांव-गांव तक पहुंचाना लक्ष्य

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को राजीव गांधी नवोदय विद्यालय, तपोवन में आयोजित ‘सांसद खेल महोत्सव’ का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से देशभर में आयोजित यह महोत्सव, गांव की खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर तक पहुँचाने का एक बड़ा अभियान है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में खेल महोत्सव तीन चरणों में आयोजित किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य ‘फिट इंडिया–स्पोर्ट्स इंडिया–स्ट्रॉन्ग इंडिया’ के संदेश को गांव-गांव तक पहुंचाना और स्थानीय व पारंपरिक खेलों को प्रोत्साहित करना है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत खेलों के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रहा है। राज्य सरकार भी प्रदेश में विश्वस्तरीय खेल इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
उन्होंने बताया कि हाल ही में आयोजित 38वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने 103 पदक जीतकर इतिहास रचा और राज्य का नाम रोशन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘स्पोर्ट्स लेगेसी प्लान’ के तहत राज्य के आठ प्रमुख शहरों में 23 खेल अकादमियां स्थापित की जाएंगी। इन अकादमियों में हर साल 920 विश्वस्तरीय एथलीट और 1000 अन्य खिलाड़ी उच्चस्तरीय प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि हल्द्वानी में उत्तराखंड का पहला खेल विश्वविद्यालय और लोहाघाट में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज की स्थापना की दिशा में कार्य तेज़ी से किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि नई खेल नीति लागू की गई है, जिसके तहत राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को ‘आउट ऑफ टर्न’ सरकारी नौकरी दी जा रही है।
राज्य सरकार द्वारा मुख्यमंत्री खेल विकास निधि, मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना, मुख्यमंत्री उदियमान खिलाड़ी योजना और खेल किट योजना जैसी योजनाओं से युवाओं को लगातार प्रोत्साहन दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में ‘उत्तराखंड खेल रत्न पुरस्कार’ और ‘हिमालय खेल रत्न पुरस्कार’ देकर खिलाड़ियों की प्रतिभा को सम्मानित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि राजकीय सेवाओं में खिलाड़ियों के लिए 4 प्रतिशत खेल कोटा पुनः लागू किया गया है, जिससे खिलाड़ियों को उचित अवसर और सम्मान मिल सके।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद नरेश बंसल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि बच्चों की प्रतिभाओं को निखारने के लिए सांसद खेल प्रतियोगिता और फिट इंडिया अभियान जैसे कार्यक्रम बड़ी भूमिका निभा रहे हैं।
सांसद बंसल ने घोषणा की कि वे अपनी सांसद निधि से विद्यालय में वॉलीबॉल और बैडमिंटन कोर्ट के निर्माण हेतु धनराशि प्रदान करेंगे। साथ ही विद्यालय के मेस में फर्नीचर की व्यवस्था के लिए भी सहयोग देंगे।
इस अवसर पर विधायक उमेश शर्मा काऊ, खजानदास, मेयर सौरभ थपलियाल, सीडीओ अभिनव शाह सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular