पीपलकोटी पहुंचकर अधिकारियों के साथ की बैठक,
टनल में फंसे तीन श्रमिकों को सुरक्षित निकालना सर्वोच्च प्राथमिकता
चमोली, चमोली जनपद के मायापुर (पीपलकोटी) स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में हुए हादसे के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पीपलकोटी स्थित टीएचडीसी गेस्ट हाउस में अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर राहत एवं बचाव कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने टनल में फंसे शेष तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए रेस्क्यू अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि बचाव अभियान में सभी उपलब्ध संसाधनों, आधुनिक उपकरणों और तकनीकी विशेषज्ञता का प्रभावी उपयोग किया जाए। उन्होंने एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आईटीबीपी, पुलिस, जिला प्रशासन और टीएचडीसी की टीमों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने तथा रेस्क्यू अभियान को पूरी सतर्कता के साथ संचालित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने टनल की तकनीकी स्थिति, जल निकासी और मलबा हटाने के कार्य की लगातार निगरानी करने के निर्देश देते हुए कहा कि बचाव कार्य में जुटे जवानों और तकनीकी टीमों की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने अधिकारियों से राहत एवं बचाव अभियान की प्रगति की जानकारी ली और आवश्यकतानुसार अतिरिक्त संसाधन उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री धामी ने हादसे में जान गंवाने वाले श्रमिकों के परिजनों को नियमानुसार अनुमन्य मुआवजा और सहायता राशि शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और प्रभावित परिवारों को हरसंभव प्रशासनिक सहायता प्रदान करने को कहा।
बैठक में जनपद प्रभारी मंत्री भरत चौधरी, थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, सचिव आपदा विनोद कुमार सुमन, गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
गौरतलब है कि मायापुर स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में हुए हादसे के बाद राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है और विभिन्न एजेंसियों की संयुक्त टीमें टनल में फंसे श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालने के प्रयास में जुटी हुई हैं।

