HomeDehradunराशन कार्ड आवेदन प्रक्रिया अगले साल से होगी ऑनलाइन

राशन कार्ड आवेदन प्रक्रिया अगले साल से होगी ऑनलाइन

प्रदेश में राशन कार्ड बनवाने की पूरी प्रक्रिया अगले साल से ऑनलाइन हो जाएगी। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने मंगलवार को विभागीय अधिकारियों की बैठक में इसके लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
सचिवालय के एफआरडीसी सभागार में आयोजित बैठक के बाद मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि राशन कार्ड बनाने की प्रक्रिया में किसी भी तरह की विसंगति को दूर करने के लिए पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन की जाएगी। इसके साथ ही राशन विक्रेताओं के भुगतान और उनकी बिलिंग की प्रक्रिया भी ऑनलाइन की जाएगी।
उन्होंने कहा कि समीक्षा के दौरान यह पाया गया कि इस साल मई महीने तक का लाभांश सभी जनपदों में राशन वितरण कर्ताओं को दिया जा चुका है और अगले तीन महीने का लाभांश भी दो से तीन दिन में उन्हें भेज दिया जाएगा।
कैबिनेट मंत्री ने यह भी बताया कि इस साल अब तक केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष 98 प्रतिशत धान की खरीद हो चुकी है। लक्ष्य बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार के साथ पत्राचार जारी है ताकि प्रदेश के अन्य धान किसानों की फसल भी एमआरपी पर खरीदी जा सके।
रेखा आर्या ने नए राशन कार्ड बनाते समय केवल आवेदन की तारीख को आधार न बनाने और सबसे ज्यादा जरूरतमंद व्यक्तियों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। इस प्रक्रिया में उन्होंने विकलांग, तलाकशुदा, परित्यक्ता, अनाथ और मानसिक रूप से कमजोर लोगों को पहले राशन कार्ड देने का आदेश दिया।
बैठक में खाद्य सचिव एल फैनई, खाद्य आयुक्त रणवीर चौहान, अपर आयुक्त पीएस पांगती, राशन डीलर एसोसिएशंस के प्रदेश अध्यक्ष रेवाधार बृजवासी समेत अन्य अधिकारी और राशन विक्रेताओं के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular