मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को सचिवालय में कार्यक्रम क्रियान्वयन विभाग द्वारा तैयार की गई ‘मेरी योजना’ पुस्तक के ऑडियो क्लिप का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राज्य और केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को एक ही मंच पर उपलब्ध कराने का उद्देश्य आम नागरिकों तक योजनाओं की जानकारी को सरल और सहज तरीके से पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि ऑडियो संस्करण के माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को भी योजनाओं की जानकारी आसानी से मिल सकेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मेरी योजना’ पुस्तक में केंद्र एवं राज्य सरकार की जनहितकारी योजनाओं के साथ-साथ स्वरोजगार, कौशल विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों से जुड़ी योजनाओं की पात्रता, लाभ और आवेदन प्रक्रिया को सरल भाषा में संकलित किया गया है। इससे नागरिकों को विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी के लिए अलग-अलग स्थानों पर भटकना नहीं पड़ेगा और उन्हें एक ही स्थान पर सभी आवश्यक सूचनाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए विभाग निरंतर नवाचार करें। साथ ही शासनादेशों और सरकारी सूचनाओं को भी आमजन की समझ के अनुरूप सरल एवं स्पष्ट भाषा में जारी किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग सरकारी योजनाओं का लाभ उठा सकें।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर देश की विकास यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के सर्वाधिक कार्यकाल वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बन गए हैं। उनके नेतृत्व में भारत विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा लागू की जा रही नई नीतियां और कानून देश की प्रगति को मजबूत आधार प्रदान कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड को विशेष सहयोग प्राप्त हुआ है और केंद्र सरकार द्वारा राज्य के विकास कार्यों के लिए निरंतर वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। इसके परिणामस्वरूप सड़क, रेल, हवाई संपर्क, स्वास्थ्य, शिक्षा और आधारभूत ढांचे के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों तक विकास की पहुंच सुनिश्चित हुई है और राज्य के समग्र विकास को नई गति मिली है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार की कार्यशैली के कारण प्रदेश की अर्थव्यवस्था लगातार मजबूत हो रही है तथा प्रति व्यक्ति आय में भी निरंतर वृद्धि दर्ज की गई है। राज्य सरकार युवाओं और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से विभिन्न रोजगारपरक योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन कर रही है। मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, महक क्रांति योजना, एरोमा वैली परियोजना, मिशन एप्पल सहित अनेक योजनाओं के माध्यम से स्वरोजगार और आजीविका के नए अवसर सृजित किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में सचिव कार्यक्रम क्रियान्वयन दीपक कुमार ने बताया कि ‘मेरी योजना’ पुस्तक का ऑडियो संस्करण आकाशवाणी और अन्य रेडियो स्टेशनों के माध्यम से प्रसारित किया जाएगा, जिससे अधिकाधिक लोगों तक योजनाओं की जानकारी पहुंच सके। उन्होंने बताया कि विभाग अब तक इस पुस्तक के चार संस्करण प्रकाशित कर चुका है तथा इसका डिजिटल संस्करण भी जारी किया जा चुका है, जिसे नागरिक ऑनलाइन माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं।
इस अवसर पर सूचना विभाग के महानिदेशक बंशीधर तिवारी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सरकारी योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार और जनसामान्य तक उनकी प्रभावी पहुंच सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।

