देहरादून, पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र राजीव स्वरूप ने सोमवार को पुलिस लाइन देहरादून में जनपद के सभी पुलिस अधिकारियों के साथ अपराध समीक्षा बैठक की। बैठक में जनपद में घटित विभिन्न अपराधों, उनके अनावरण, लंबित विवेचनाओं, सड़क सुरक्षा, वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी तथा सत्यापन अभियान की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान आईजी ने अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए।
अपराध समीक्षा के दौरान आईजी गढ़वाल ने जनपद में घटित गंभीर अपराधों की सर्किलवार समीक्षा करते हुए अपराधों के खुलासे के लिए किए जा रहे पुलिस प्रयासों की जानकारी ली। उन्होंने लंबित मामलों के शीघ्र अनावरण और विवेचनाओं के समयबद्ध निस्तारण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने सभी क्षेत्राधिकारियों को निर्देश दिए कि वे नियमित रूप से अपने-अपने सर्किल के थानों का निरीक्षण करें और विवेचनाओं की प्रगति की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दें।
बैठक में ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत देहरादून पुलिस द्वारा अपराधियों के खिलाफ की जा रही कार्रवाई की सराहना की गई। आईजी ने अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि मुख्यालय एवं रेंज स्तर से चलाए जा रहे विशेष अभियानों में पूरी गंभीरता और तत्परता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण को लेकर आईजी ने सभी क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रैश ड्राइविंग, ड्रंक एंड ड्राइव तथा ओवरस्पीडिंग जैसी लापरवाहियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने और उन्हें सरकार द्वारा संचालित राहत एवं सहायता योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए भी पुलिस को संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में इनामी और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी को भी प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया। आईजी ने थाना स्तर पर विशेष टीमों का गठन कर फरार अपराधियों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाने के निर्देश दिए। इसके अलावा सोशल मीडिया पर भ्रामक और अफवाह फैलाने वाली खबरों के प्रसार पर चिंता व्यक्त करते हुए ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए आईजी ने संदिग्ध एवं आपराधिक पृष्ठभूमि वाले बाहरी व्यक्तियों की पहचान हेतु व्यापक सत्यापन अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किरायेदारों, बाहरी मजदूरों, फड़ एवं ठेली संचालकों तथा बागीचों में कार्यरत श्रमिकों का शत-प्रतिशत सत्यापन सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी भी संभावित आपराधिक गतिविधि पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके।
बैठक के अंत में जनपद में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 49 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। आईजी राजीव स्वरूप ने सभी सम्मानित कर्मियों को बधाई देते हुए भविष्य में भी पूरी निष्ठा, ईमानदारी और कर्तव्यपरायणता के साथ जनता की सेवा करने का आह्वान किया।

