मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आई.आर.डी.टी ऑडिटोरियम, सर्वे चौक में कार्यक्रम क्रियान्वयन विभाग द्वारा तैयार की गई मेरी योजना पुस्तकों पर विचार गोष्ठी में हिस्सा लिया और मेरी योजना पोर्टल उत्तराखण्ड (myscheme.gov.in) का लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन पुस्तकों और पोर्टल के माध्यम से राज्य का प्रत्येक नागरिक केंद्र और राज्य सरकार की सभी योजनाओं की संपूर्ण जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकता है और लाभ उठा सकता है। पुस्तकों में लाभार्थियों को आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज और पात्रता संबंधी जानकारी भी उपलब्ध कराई गई है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नई कार्य संस्कृति के अनुरूप राज्य सरकार योजनाओं का लाभ डीबीटी के माध्यम से सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में पहुंचा रही है। इसके साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने वाली कई पहलों पर भी काम किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने स्थानीय उत्पादों और लोगों की आजीविका को बढ़ावा देने की अपील की और कहा कि स्मृति चिन्ह और उपहार राज्य में निर्मित उत्पादों के ही हों।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, विधायक खजान दास, सेतु आयोग के उपाध्यक्ष राजशेखर जोशी और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।


