HomeDehradunप्रकोष्ठों की ताकत से और मजबूत होगी भाजपा, मिशन मोड में जुटें...

प्रकोष्ठों की ताकत से और मजबूत होगी भाजपा, मिशन मोड में जुटें कार्यकर्ता: सीएम धामी

देहरादून: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रदेश प्रकोष्ठों की महत्वपूर्ण बैठक में मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने कार्यकर्ताओं और प्रकोष्ठ पदाधिकारियों को संगठन की मजबूती के लिए मिशन मोड में कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की क्षमता, अनुभव और समर्पण ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है, जिसके बल पर भाजपा आज देश की सबसे मजबूत राजनीतिक शक्ति के रूप में स्थापित हुई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विभिन्न प्रकोष्ठों की जिम्मेदारी केवल संगठनात्मक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य भी करना है। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ कार्य करने वाली एक जीवंत विचारधारा है।

बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि चिकित्सा, सहकारिता, सांस्कृतिक, व्यवसायिक, खेल, पर्यटन और आपदा प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में कार्यरत प्रकोष्ठ समाज के विभिन्न वर्गों को भाजपा से जोड़ने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा और अन्य राजनीतिक दलों के बीच मूल अंतर यही है कि भाजपा राजनीति को सेवा का माध्यम मानती है, जबकि अन्य दल केवल चुनाव के समय जनता के बीच दिखाई देते हैं।

आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ का विशेष उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए यह प्रकोष्ठ अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने पदाधिकारियों से ब्लॉक स्तर पर प्रशिक्षित युवाओं की टीम तैयार करने का आह्वान किया, जो किसी भी आपदा की स्थिति में ‘फर्स्ट रिस्पॉन्डर’ के रूप में राहत एवं बचाव कार्यों में तुरंत जुट सकें। उन्होंने कहा कि जनता के मन में यह विश्वास होना चाहिए कि संकट की हर घड़ी में भाजपा कार्यकर्ता उनके साथ खड़ा है।

स्वयं सहायता समूह प्रकोष्ठ पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की लाखों महिलाएं स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से आर्थिक रूप से सशक्त बन रही हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री Narendra Modi के ‘लखपति दीदी’ अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि महिला समूहों को सरकारी योजनाओं से जोड़कर उनके आर्थिक सशक्तिकरण को और गति देने की आवश्यकता है।

पर्यटन गतिविधि प्रकोष्ठ की भूमिका पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटन उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में राज्य को विश्व की आध्यात्मिक राजधानी के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा और आदि कैलाश जैसे क्षेत्रों में रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालुओं का पहुंचना राज्य में विकसित हो रही बेहतर सुविधाओं का प्रमाण है। उन्होंने पदाधिकारियों से युवाओं को पर्यटन क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों के प्रति जागरूक करने का आग्रह किया।

बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद Mahendra Bhatt ने कहा कि प्रकोष्ठ पार्टी की महत्वपूर्ण शक्ति हैं और समाज के विभिन्न वर्गों तक पार्टी की विचारधारा एवं सरकार की योजनाओं को पहुंचाने में उनकी अहम भूमिका है। उन्होंने सभी प्रकोष्ठों को शीघ्र मंडल स्तर तक अपनी टीमों का गठन पूर्ण करने तथा बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने के निर्देश दिए।

बैठक में प्रकोष्ठों की सक्रियता बढ़ाने, संगठन विस्तार और जनसंपर्क अभियानों को तेज करने पर भी विस्तार से चर्चा की गई। भाजपा नेतृत्व ने स्पष्ट किया कि आने वाले समय में प्रकोष्ठों की सक्रिय भूमिका संगठन की मजबूती और जनविश्वास बढ़ाने में निर्णायक साबित होगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular