देहरादून: राजधानी देहरादून में बढ़ती आबादी और लगातार बढ़ रहे कचरे के दबाव को देखते हुए नगर निगम ने सफाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए बड़ा कदम उठाया है। अब शादी समारोह, जन्मदिन पार्टियों, धार्मिक आयोजनों, भंडारों और वीआईपी कार्यक्रमों के दौरान उत्पन्न होने वाले कचरे के निस्तारण के लिए नगर निगम ने विशेष क्विक रिस्पांस टीम (QRT) गठित करने का निर्णय लिया है।
नगर निगम द्वारा शहर को पांच जोन में विभाजित करते हुए प्रत्येक जोन में एक क्यूआरटी टीम बनाई जाएगी। इन टीमों में सफाई कर्मचारी और एक सुपरवाइजर तैनात रहेगा, जो कार्यक्रम स्थलों से कचरा उठाने और विशेष परिस्थितियों में सफाई व्यवस्था संभालने का कार्य करेंगे।
नगर आयुक्त आलोक पांडे ने बताया कि वर्तमान में किसी वीआईपी कार्यक्रम या आपदा की स्थिति में वार्डों से सफाई कर्मचारियों को हटाकर दूसरे स्थानों पर भेजना पड़ता है, जिससे संबंधित वार्डों में सफाई व्यवस्था प्रभावित होती है। नई क्यूआरटी व्यवस्था लागू होने के बाद नियमित सफाई कार्य बाधित नहीं होंगे और विशेष आयोजनों की सफाई अलग से सुनिश्चित की जा सकेगी।
उन्होंने बताया कि नगर निगम ने इस सेवा के लिए शुल्क भी निर्धारित किया है। छोटे आयोजनों के लिए दो हजार रुपये और बड़े आयोजनों के लिए पांच हजार रुपये शुल्क लिया जाएगा। शुल्क जमा होने के बाद क्यूआरटी टीम अधिकतम एक घंटे के भीतर मौके पर पहुंचकर कचरा उठान की कार्रवाई करेगी।
नगर निगम के अनुसार राजधानी की आबादी लगभग 15 लाख के आसपास पहुंच चुकी है और प्रतिदिन करीब 600 टन कचरा एकत्र किया जा रहा है। ऐसे में निजी और सार्वजनिक आयोजनों से निकलने वाले अतिरिक्त कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी।
नई व्यवस्था के तहत राजपुर, अर्केडिया, मोथरोवाला और हर्रावाला समेत विभिन्न जोनल कार्यालयों के माध्यम से टीमों का संचालन किया जाएगा। प्रत्येक टीम को अलग पहचान वाली वर्दी, आवश्यक उपकरण, कटर मशीन और दो वाहन भी उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि वे सफाई के साथ-साथ आपातकालीन परिस्थितियों में भी तत्काल कार्रवाई कर सकें।
नगर निगम का मानना है कि इस पहल से न केवल कार्यक्रम स्थलों पर स्वच्छता सुनिश्चित होगी, बल्कि खुले प्लॉटों, नदी-नालों और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने की समस्या पर भी अंकुश लगेगा। साथ ही शहर की नियमित सफाई व्यवस्था को भी बिना किसी व्यवधान के संचालित किया जा सकेगा।

