HomeDehradunपेपर लीक और बेरोजगारी के मुद्दे पर कांग्रेस का प्रदेशव्यापी अभियान, युवाओं...

पेपर लीक और बेरोजगारी के मुद्दे पर कांग्रेस का प्रदेशव्यापी अभियान, युवाओं के बीच जाएगी पार्टी

देहरादून। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए कांग्रेस ने अपनी राजनीतिक गतिविधियों को तेज कर दिया है। पार्टी ने पेपर लीक मामलों, भर्ती परीक्षाओं में देरी, परीक्षाओं के निरस्तीकरण, बढ़ती बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था की खामियों को लेकर प्रदेशव्यापी जनजागरण अभियान चलाने का फैसला किया है। कांग्रेस का उद्देश्य इन मुद्दों को जन-जन तक पहुंचाकर सरकार को घेरना और युवाओं की आवाज को मजबूती देना है।

अभियान के संचालन के लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने एक समन्वय एवं संचालन समिति का गठन किया है। समिति में ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी की सदस्य इशिता को संयोजक बनाया गया है। इसके अलावा प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष विशाल भोजक, एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष विकास नेगी, युवा कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव मीमांशा, डीएवी पीजी कॉलेज के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल, युवा कांग्रेस के पूर्व महासचिव अभिमन्यु और वरुण बालियान को सदस्य बनाया गया है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने समिति के सदस्यों से अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने और पार्टी के निर्देशों के अनुरूप अपने दायित्वों का निर्वहन करने की अपेक्षा जताई है। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं बल्कि छात्रों और युवाओं के अधिकारों तथा भविष्य से जुड़े मुद्दों को जनता के सामने लाने का प्रयास है।

कांग्रेस ने प्रदेश के सभी जिला, महानगर और ब्लॉक मुख्यालयों पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया है। इसके तहत प्रत्येक जनपद मुख्यालय में प्रेस वार्ताएं आयोजित की जाएंगी। साथ ही राजस्थान के कोटा में आयोजित छात्र रैली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा दिए गए संदेश को भी व्यापक स्तर पर प्रचारित किया जाएगा।

पार्टी ने जिला और महानगर कांग्रेस अध्यक्षों को निर्देश दिए हैं कि वे अधिक से अधिक जनसंपर्क अभियान चलाएं और स्थानीय भाषाओं में युवाओं और छात्रों से जुड़े मुद्दों को जनता तक पहुंचाएं। अभियान के दौरान पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में देरी, परीक्षाओं के रद्द होने, बढ़ती बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था की कमियों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि यह अभियान प्रदेश और देश में एक व्यापक जनजागरण कार्यक्रम के रूप में संचालित किया जाएगा, ताकि छात्रों और युवाओं की समस्याओं को प्रभावी तरीके से जनता के बीच रखा जा सके और वर्तमान शिक्षा एवं परीक्षा प्रणाली की विफलताओं को उजागर किया जा सके। उन्होंने सभी अनुषांगिक संगठनों, प्रकोष्ठों और विभागों से अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular