Thursday, March 12, 2026
spot_img
HomeDehradunकांग्रेस के लिए सिर्फ मुस्लिम हैं अल्पसंख्यक, हमने बाकी अल्पसंख्यकों को भी...

कांग्रेस के लिए सिर्फ मुस्लिम हैं अल्पसंख्यक, हमने बाकी अल्पसंख्यकों को भी दिलाया समान अधिकार- सीएम धामी

गैरसैंण: बुधवार को बजट सत्र के दौरान उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी विपक्षी दल कांग्रेस पर जमकर भड़के। उन्होंने कहा कि विपक्ष के कुछ नेता हमें मदरसा विरोधी कहते हैं। सीएम धामी ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उन्होंने मुस्लिम वोट बैंक के लालच में अन्य अल्पसंख्यकों की अनदेखी की। उन्होंने भू कानून लाने का औचित्य भी बताया।
सीएम धामी ने कहा कि कांग्रेस ने अल्पसंख्यक समुदाय को हमेशा अपनी राजनीति का टूलकिट समझा है। उनको हमेशा वोट बैंक बनाकर रखा। अल्पसंख्यक समुदाय उनके टूलकिट तक ही सीमित रहा और उनका हाथ थामे रहा। हमारी सरकार चाहती है कि अल्पसंख्यक सिर्फ टूलकिट नहीं रहे बल्कि उनके हाथ में अच्छी किताब हो।
इसके साथ ही सीएम धामी ने मदरसा अधिनियम पर भी कांग्रेस को घेरा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2016 में कांग्रेस सरकार के समय में उत्तराखंड मदरसा अधिनियम लागू किया गया था। कांग्रेस का मानना था कि अल्पसंख्यक समाज में सिर्फ मुस्लिम ही हैं। उन्होंने बाकी अल्पसंख्यकों को इससे दूर रखने का प्रयास किया। हमारी सरकार ने इसमें सिख, ईसाई, पारसी, बौद्ध और जैन को भी नए कानून के अंतर्गत समान अधिकार देने का काम किया है। वोट बैंक की राजनीति और तुष्टीकरण ने देवभूमि की जिस पहचान को कलंकित किया था, हमने उस कलंक को मिटाने का काम किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतिपक्ष के कुछ लोग आरोप लगा रहे हैं कि हमारी सरकार को हमको मदरसा शब्द से परेशानी है। इसलिए हम अवैध मदरसों पर कार्रवाई करते हैं। यदि किसी मदरसे की आड़ में आतंक की फैक्ट्री चलाई जाएगी, यदि कहीं भी शिक्षा की आड़ में राष्ट्र विरोधी गतिविधियां सिखाई जाएंगी, तो हां हमें परेशानी होगी। हम ऐसे किसी भी राष्ट्र विरोधी तत्व को देवभूमि उत्तराखंड में संकल्प लेकर पनपने नहीं देंगे।
अपने भाषण में काफी आक्रामक नजर आए सीएम धामी ने कहा कि हम जन-जन के विकास और विश्वास की राजनीति करते हैं। कांग्रेस विश्वासघात और वोट बैंक की राजनीति करती है। आज पीएम मोदी के मार्गदर्शन और सहयोग से उत्तराखंड के अंदर 2 लाख करोड़ से भी ज्यादा की विकास योजनाओं पर काम किया जा रहा है। हमारी सरकार उत्तराखंड के समग्र विकास जनता के कल्याण और राज्य को आत्मनिर्भर बनाने के लिए काम कर रही है। हमार संकल्प विकल्प रहित संकल्प है. ये संकल्प इकोनॉमी और इकोलॉजी के बीच समन्वय स्थापित करने का।हमारा विकल्प रहित संकल्प है उत्तराखंड को विश्व की पर्यटन और आध्यात्मिक राजधानी बनाने का हमारा संकल्प है मातृशक्ति के सशक्तिकरण का।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि पिछले कुछ सालों से देखा जा रहा है कि प्रदेश के बाहर से आकर लोग कह रहे हैं कि हम बड़ा उद्योग स्थापित करेंगे, कोई कह रहा है इंस्टीट्यूशन बनाएंगे, कोई कहता है सामाजिक काम करेंगे। कोई कहता है अस्पताल बनाएंगे। कोई स्थानीय लोगों को रोजगार देने के नाम पर बड़ी-बड़ी जमीनें खरीद रहे थे. ऐसे लोग बड़ी-बड़ी जमीनें खरीद रहे थे। उनका प्रयोजन कुछ और होता था। इसलिए हमने राज्य के अंदर सख्त भू कानून लागू किया। हमने ऑपरेशन कालनेमि चलाकर उन असामाजिक तत्वों और जिहादियों पर सख्त कार्रवाई की है, जिन्होंने छद्म वेश धारण करके सनातन धर्म के पालन के लिए धार्मिक यात्रा पर आने वाले लोगों से ठगी की है। नाम बदलकर, वेश बदलकर, अपनी पहचान छिपाकर वो लोगों को भरमाने का काम करते हैं। हमने ऐसे विधर्मियों और घुसपैठियों को देवभूमि उत्तराखंड में बर्दाश्त नहीं करेंगे। हम उन्हें वहीं वापस भेज देंगे, जहां से वो आए हुए हैं।

 

RELATED ARTICLES

Most Popular