जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने नागरिकों से मतदाता सूची में नाम की पुष्टि करने और त्रुटियां सुधारने की अपील की
देहरादून: भारत निर्वाचन आयोग और मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखंड के निर्देशानुसार जनपद देहरादून में फोटोयुक्त विधानसभा निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की शुरुआत हो गई है। 1 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशन 14 जुलाई को कर दिया गया है। इसके साथ ही 14 जुलाई से 13 अगस्त 2026 तक मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने बताया कि पात्र नागरिक अपने नाम को मतदाता सूची में दर्ज कराने या उसमें संशोधन के लिए संबंधित मतदाता पंजीकरण अधिकारी, सहायक मतदाता पंजीकरण अधिकारी तथा बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा निर्वाचन आयोग की वेबसाइट और वोटर हेल्पलाइन ऐप के माध्यम से भी ऑनलाइन आवेदन की सुविधा उपलब्ध है।
उन्होंने बताया कि प्रपत्र-6 के माध्यम से नए मतदाता अपना नाम जुड़वा सकते हैं। प्रपत्र-7 का उपयोग मृतक, स्थानांतरित अथवा अपात्र मतदाताओं के नाम हटाने के लिए किया जाएगा, जबकि प्रपत्र-8 के जरिए नाम, पता या अन्य विवरण में संशोधन कराया जा सकता है।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि वे समय रहते मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें। यदि किसी का नाम सूची में नहीं है या किसी प्रकार की त्रुटि है, तो निर्धारित अवधि के भीतर आवेदन कर उसे ठीक कराएं।
डॉ. आशीष चौहान ने सभी राजनीतिक दलों, जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संस्थाओं और आम नागरिकों से भी निर्वाचक नामावली को अधिक शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाने में सहयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विशेष अभियान के दौरान युवाओं और नए मतदाताओं को जोड़ने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए तथा प्राप्त सभी आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

