देहरादून, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि वर्तमान समय में कृषि क्षेत्र को टिकाऊ और पर्यावरण अनुकूल बनाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि ऐसी खेती को बढ़ावा दिया जाना चाहिए जो एक ओर प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करे और दूसरी ओर किसानों की आय में वृद्धि सुनिश्चित करे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्राकृतिक खेती, जैविक कृषि और आधुनिक कृषि तकनीकों को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियां प्राकृतिक एवं जैविक खेती के लिए बेहद अनुकूल हैं और राज्य को इस क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि रासायनिक उर्वरकों और कीटनाशकों पर निर्भरता कम कर प्राकृतिक खेती को अपनाने से भूमि की उर्वरा शक्ति बनी रहती है, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलता है तथा लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध होते हैं। साथ ही इससे उत्पादन की लागत में कमी आने से किसानों की आर्थिक स्थिति भी मजबूत होती है।
मुख्यमंत्री ने किसानों से आधुनिक तकनीकों और वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों को अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि राज्य सरकार कृषि, बागवानी और स्वरोजगार से जुड़ी विभिन्न योजनाओं के माध्यम से किसानों को हरसंभव सहायता प्रदान कर रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि किसानों की सक्रिय भागीदारी से उत्तराखंड कृषि और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।

