HomeDehradunशिक्षा ही सबसे शक्तिशाली हथियार,आंगनवाड़ी केंद्रों में शिक्षा और खेल सामग्री वितरित

शिक्षा ही सबसे शक्तिशाली हथियार,आंगनवाड़ी केंद्रों में शिक्षा और खेल सामग्री वितरित

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने वीरवार को मसूरी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत गजियावाला स्थित सहसपुर विकासखंड की 15 ग्राम पंचायतों के लिए आयोजित कार्यक्रम में 28 आंगनवाड़ी केंद्रों को खेल एवं पठन-पाठन सामग्री वितरित की।
कार्यक्रम के तहत बच्चों के लिए टिफिन बॉक्स, पानी की बोतल, डार्ट बोर्ड, पजल गेम, किचन सेट, डॉक्टर सेट, चार्ट (3डी, वाइट, ब्लैक), रोलर बोर्ड, क्रेजी बॉल, पेंसिल बॉक्स, कटर-शार्पनर, रबड़, स्केच पेन, दरी, कलरिंग बुक, स्लेट, स्लेटी बॉक्स, वेट मशीन, आयरन बॉक्स, एलुमिनियम पतीला, करछी, प्रेशर कुकर समेत अन्य सामग्रियां प्रदान की गईं।
मंत्री गणेश जोशी ने इस मौके पर मसूरी विधानसभा क्षेत्र के सभी आंगनवाड़ी केंद्रों के लिए फर्नीचर, अलमारी और अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने की घोषणा भी की।
अपने संबोधन में मंत्री जोशी ने नोबेल पुरस्कार विजेता नेल्सन मंडेला का उद्धरण देते हुए कहा कि शिक्षा सबसे शक्तिशाली हथियार है, जिसका उपयोग आप दुनिया को बदलने के लिए कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज और देश की प्रगति का आधार है।
मंत्री ने बताया कि मसूरी विधानसभा क्षेत्र के 100 आंगनवाड़ी केंद्रों और 11 मिनी आंगनवाड़ियों में खेल एवं पठन-पाठन सामग्री वितरण की शुरुआत की गई थी। उसी क्रम को आगे बढ़ाते हुए आज 28 आंगनवाड़ी केंद्रों में यह सामग्री दी जा रही है। उन्होंने कहा कि अब क्षेत्र की सभी आंगनवाड़ियों को पठन-पाठन और खेल सामग्री से पूर्ण रूप से सुसज्जित किया जा चुका है।
जोशी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार बाल विकास और महिला सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्र बच्चों के सर्वांगीण विकास की पहली पाठशाला हैं, जहाँ शिक्षा, संस्कार और स्वास्थ्य की नींव रखी जाती है। सामग्री वितरण से बच्चों में सीखने की रुचि बढ़ेगी और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को शिक्षण कार्य और प्रभावी ढंग से संचालित करने में सहायता मिलेगी।
इस अवसर पर भाजपा मंडल प्रभारी ज्योति कोटिया, मंडल महामंत्री किरन मन्युड़ी, सीमा पुंडीर, पूर्व प्रधान लीला शर्मा, ग्राम प्रधान सुनील क्षेत्री, मंडल अध्यक्ष राजीव गुरुंग, पूर्व मंडल अध्यक्ष पूनम नौटियाल, जितेंद्र राणा, समुन्द्र रैग्मी, संजय शर्मा, ग्राम प्रधान भारती जवाड़ी, सुरेश जवाड़ी, पूर्व बीडीसी ज्योति ढकाल समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular