HomeDehradunशिक्षा मंत्री की बर्खास्तगी की मांग को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, परीक्षा...

शिक्षा मंत्री की बर्खास्तगी की मांग को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, परीक्षा प्रणाली पर उठाए सवाल

नीट पेपर लीक, सीबीएसई कॉपी जांच और सीयूईटी गड़बड़ियों को लेकर सीबीएसई कार्यालय के बाहर किया विरोध प्रदर्शन

नीट परीक्षा पेपर लीक, सीबीएसई परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं की जांच में कथित अनियमितताओं और सीयूईटी परीक्षा में सामने आई गड़बड़ियों को लेकर कांग्रेस ने बुधवार को केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की बर्खास्तगी की मांग करते हुए सीबीएसई के क्षेत्रीय कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल हुए तथा केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई।

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे कांग्रेस नेता सूर्यकांत धस्माना ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियों और लापरवाही के कारण देश के लाखों छात्रों का भविष्य खतरे में पड़ गया है। उन्होंने कहा कि विभिन्न राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं ने शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

धस्माना ने कहा कि नीट जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा, जिसके माध्यम से देश के भावी डॉक्टरों का चयन होता है, उसका पेपर लीक होना बेहद गंभीर और दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। उन्होंने कहा कि जब पेपर लीक की पुष्टि हो चुकी है, तब नैतिकता के आधार पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री को अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए था। लेकिन ऐसा नहीं होने से यह संदेश जा रहा है कि सरकार जवाबदेही से बचना चाहती है।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि केवल नीट ही नहीं, बल्कि सीबीएसई और सीयूईटी जैसी महत्वपूर्ण परीक्षाओं में भी छात्रों को परेशानियों का सामना करना पड़ा है। सीबीएसई परीक्षा में उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन और कॉपियों के बदले जाने संबंधी शिकायतों ने छात्रों और अभिभावकों की चिंता बढ़ा दी है। उनका कहना था कि इन घटनाओं के कारण छात्रों का परीक्षा प्रणाली पर से भरोसा कमजोर हुआ है।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि केंद्रीय विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा (सीयूईटी) में सामने आई तकनीकी और प्रशासनिक गड़बड़ियां भी शिक्षा व्यवस्था की कमजोरियों को उजागर करती हैं। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि सरकार एक भी राष्ट्रीय परीक्षा को पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ आयोजित कराने में सफल नहीं हो पा रही है।

सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि सरकार द्वारा यह कहना कि नीट परीक्षा के संचालन में भारतीय वायुसेना की मदद ली जाएगी, अपने आप में इस बात का संकेत है कि परीक्षा प्रणाली में गंभीर खामियां मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि यदि परीक्षाओं के संचालन के लिए सैन्य संसाधनों का सहारा लेना पड़ रहा है, तो यह व्यवस्था की विफलता को दर्शाता है।

कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि परीक्षा प्रणाली में सुधार और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई, तो पार्टी छात्रों और युवाओं के हित में अपना आंदोलन और तेज करेगी। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शिक्षा मंत्री की बर्खास्तगी और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग दोहराई।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular