HomeCrimeवाहन चेकिंग के दौरान तीन पुलिसकर्मियों को कार से रौंदा, चालक गिरफ्तार

वाहन चेकिंग के दौरान तीन पुलिसकर्मियों को कार से रौंदा, चालक गिरफ्तार

राजधानी देहरादून के डालनवाला थाना क्षेत्र अंतर्गत आराघर टी जंक्शन पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब देर रात वाहन चेकिंग के दौरान एक तेज रफ्तार कार चालक ने तीन पुलिसकर्मियों को टक्कर मार दी। हादसे में तीनों जवान गंभीर रूप से घायल हो गए हैं और उनका इलाज देहरादून के सिनर्जी अस्पताल में चल रहा है। य़ह घटना 19 अक्टूबर को तड़के करीब 3:45 बजे की है। आराघर टी जंक्शन पर पिकेट ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों हेड कांस्टेबल सुगनपाल, कांस्टेबल सचिन, और कांस्टेबल कमला प्रसाद द्वारा एक संदिग्ध वाहन को रोकने की कोशिश की गई। इसी दौरान चालक ने वाहन को न रोकर तीनों पुलिसकर्मियों को टक्कर मार दी।
घायल पुलिसकर्मियों को तत्काल 108 एम्बुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहाँ से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर सिनर्जी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां तीनों का इलाज जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून अजय सिंह स्वयं सिनर्जी अस्पताल पहुंचे और उपचाराधीन पुलिसकर्मियों का हालचाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों से बेहतर से बेहतर इलाज सुनिश्चित करने की अपील की और संबंधित थाना प्रभारियों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। एसएसपी ने बताया कि मामले में तत्परता दिखाते हुए घटना में प्रयुक्त वाहन महिंद्रा थार यूके 07 एफ डब्ल्यू 1002 को कब्जे में ले लिया गया है और आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कठोर वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान मोहम्मद उमर उर्फ ताहिर पुत्र मोहम्मद रईस निवासी थाना डालनवाला देहरादून के रूप में हुई है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular