Thursday, May 21, 2026
spot_img
HomeDehradunभाजपा अनुशासन और विकास के बूते आगे,कांग्रेस के पास प्रत्याशी तक नहीं:...

भाजपा अनुशासन और विकास के बूते आगे,कांग्रेस के पास प्रत्याशी तक नहीं: चौहान

देहरादून। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस को भाजपा की चिंता छोड़कर अपने ही “अखाड़े” में चल रही नूरा कुश्ती पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के भीतर चल रहा अंदरूनी संघर्ष अब जगजाहिर हो चुका है।

कांग्रेस अध्यक्ष के बयान पर पलटवार करते हुए चौहान ने कहा कि पार्टी में “सिर फुटव्वल” आम बात बन चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व चतुर्भुज स्थिति में बंटा हुआ है और कई नेता समानांतर संगठन चलाने में जुटे हैं। साथ ही आगामी चुनावों को लेकर चार-चार दावेदारों के समर्थन में कार्यकर्ता खुलेआम तलवार भांज रहे हैं।

मनवीर चौहान ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित पार्टी है, जहां नेता और कार्यकर्ता दोनों अनुशासन से बंधे होते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल चुनाव के समय सक्रिय नहीं होती, बल्कि सरकार गठन के पहले दिन से ही पांच वर्षों तक जनता के बीच कार्य करती है।

उन्होंने दावा किया कि भाजपा विकास कार्यों के आधार पर जनता का आशीर्वाद प्राप्त करती है और पार्टी की हार की बातें पूरी तरह हास्यास्पद हैं। चौहान के अनुसार भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है, जबकि कांग्रेस हताश और निराश दिखाई दे रही है।

भाजपा नेता ने कहा कि कांग्रेस की हालत यह है कि अधिकांश सीटों पर उसके पास मजबूत प्रत्याशी तक नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस केवल दुष्प्रचार के सहारे चुनाव जीतने का सपना देख रही है, जो कभी पूरा नहीं होगा।

चौहान ने कहा कि अंकिता हत्याकांड की सीबीआई जांच अन्य मामलों की तरह जारी है, लेकिन कांग्रेस इस मुद्दे पर बैकफुट पर आ गई है क्योंकि इससे उसका राजनीतिक एजेंडा आगे नहीं बढ़ पाया।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में ऐतिहासिक कार्य हुए हैं, जिससे युवा, महिलाएं और हर वर्ग खुश है। उन्होंने दावा किया कि जनता कांग्रेस को सबक सिखाने के लिए तैयार बैठी है।

अंत में चौहान ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस को डुबाने के लिए किसी बाहरी हस्तक्षेप की जरूरत नहीं है, क्योंकि उसके अपने “पहलवान” ही उसकी नाव डुबोने के लिए पर्याप्त हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular