Wednesday, March 4, 2026
spot_img
HomeDehradunप्राइवेट अस्पतालों की लूट खसोट बंद न होने पर करेंगें तालाबंदीः नेगी

प्राइवेट अस्पतालों की लूट खसोट बंद न होने पर करेंगें तालाबंदीः नेगी

जन संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने कहा कि हैवानियत की सारी हदें पार कर चुके प्रदेश भर के अधिकांश नामी प्राइवेट अस्पताल मरीजों को लूटने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं और उन्होंने कहा कि यदि प्राइवेट अस्पतालों ने लूट को बंद नहीं किया तो अस्पतालों पर ताले लगा दिये जायेंगें और हमेशा के लिए सील करवा दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि मोर्चा प्राइवेट अस्पतालों की लूट को किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं करेगा।
यहां पत्रकारों से वार्ता करते हुए नेगी ने कहा है कि यहां तक कि मर चुके मरीजों के शव पर भी महंगी-महंगी दवाइयां, इंजेक्शन,स्टेंट व अन्य चीजों के नाम पर उनके परिजनों से लूट खसोट करने में लगे हैं, जो कि बहुत ही शर्मसार करने वाली बात है।
नेगी ने कहा कि बीते रोज ही जनपद देहरादून के एक प्राइवेट नामी अस्पताल द्वारा तड़के दो बजे एडमिट हुए मरीज की एंजियोग्राफी की गई तथा डेढ़- दो घंटे के पश्चात मरीज की मृत्यु हो गई, जब परिजन डेड बॉडी लेने गए तो अस्पताल प्रबंधन ने रूपये दो लाख स्टेंट आदि के जमा करने के पश्चात डेड बॉडी लेने की बात कही।
उन्होंने कहा कि जबकि स्टेंट आदि डाले ही नहीं गए थे। उन्होंने कहा कि मोर्चा के संज्ञान में बात आने पर अस्पताल प्रबंधन से बात कर उनको मोर्चा की भाषा में पाठ पढ़ाया गया तब जाकर अस्पताल प्रबंधन ने दस से बीस हजार रुपए अन्य खर्चे के जमा करवाकर डेड बॉडी परिजनों को सौंपी और कई अस्पताल तो मर चुके, मृत प्रायः ब्रेन डेथ आदि मरीज के परिजनों को कई दिन तक कुछ नहीं बताते है और यहां तक की मरीज को वेंटिलेटर से नहीं छोड़ते है।
उन्होंने कहा कि इसके साथ-साथ ये अस्पताल इतनी लापरवाही बरतते हैं कि मरीज ठीक होने के बजाय मौत के आगोश में समा जाता है। नेगी ने कहा है कि सवाल इस बात का है कि आखिर यह प्राइवेट अस्पताल मरीजों को क्यों लूट रहे हैं और इन पर अंकुश लगाने वाले जिम्मेदार स्वास्थ्य मंत्री क्यों बेखबर बने हुए हैं। उन्होंने कहा कि क्या इन प्राइवेट अस्पतालों की मॉनिटरिंग नहीं हो सकती है।
नेगी ने कहा है कि आलम यह है कि अस्पताल प्रबंधन के लिए मरीज आज सिर्फ और सिर्फ कमाई का जरिया बन चुका है तथा उसके जीवन, उसकी बीमारी के इलाज से इन अस्पतालों का कोई सरोकार नहीं रह गया है।
उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं है कि सभी अस्पताल मरीजों को लूट रहे हैं और आयुष्मान व गोल्डन कार्ड आदि में भी यह अस्पताल भारी खेल कर रहे हैं, जिसका बहुत जल्द पर्दाफाश होना बाकी है और इनको सिर्फ अपनी कमाई करने की रहती है, चाहे मरीज जिंदा रहे या बचे, इन अस्पतालों का इससे कोई लेना देना नहीं है।
नेगी ने मोर्चा के माध्यम से इस प्रकार की लूट मचाने वाले तमाम प्राइवेट अस्पतालों को चेतावनी देते हुए कहा कि अपनी हरकतों से बाज आयें वरना अस्पताल को हमेशा के लिए सील करवा दिया जाएगा। इस अवसर पर पत्रकार वार्ता में दिलबर सिंह व अमित जैन थे।

RELATED ARTICLES

Most Popular