उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में सोमवार देर रात पटेल नगर थाना क्षेत्र में उपद्रव की एक बड़ी कोशिश को पुलिस ने समय रहते नाकाम कर दिया। सोशल मीडिया पर आई एक धार्मिक पोस्ट के बाद शुरू हुए विवाद ने देखते ही देखते सांप्रदायिक रंग ले लिया और भीड़ सड़कों पर उतर आई। हालांकि पुलिस की सतर्कता और तत्परता से स्थिति को जल्द काबू में कर लिया गया।
29 सितंबर की रात पटेल नगर क्षेत्र के लालपुल इलाके में उस वक्त तनाव फैल गया जब एक धार्मिक पोस्ट पर दूसरे समुदाय के युवक ने आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी। इसके बाद सैकड़ों लोगों की भीड़ ने पुलिस चौकी को घेर लिया और नारेबाजी करने लगी। भीड़ ने सड़क जाम करने की भी कोशिश की, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हालात बिगड़ते देख पुलिस ने पहले भीड़ को समझाने का प्रयास किया, लेकिन जब भीड़ काबू से बाहर होने लगी तो पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। इसके बाद उपद्रवी इधर-उधर भाग खड़े हुए। पुलिस ने संवेदनशील इलाकों में फोर्स की तैनाती कर दी है और स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में बताई जा रही है।
इस मामले पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कड़ा रुख अपनाया है। सीएम धामी ने इसे त्योहारों और धार्मिक आयोजनों के बीच अशांति फैलाने की एक सोची-समझी साजिश बताया है। उन्होंने कहा,
इसके पीछे वे ताकतें हैं जो भारत की प्रगति को पचा नहीं पा रही हैं। तुष्टिकरण की राजनीति पर आश्रित ये लोग एक भारत, श्रेष्ठ भारत के सपने को ध्वस्त करना चाहते हैं।
मुख्यमंत्री ने साफ चेतावनी दी कि उपद्रव करने वालों के खिलाफ दंगा विरोधी कड़े कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी। सीएम ने कहा कि
उत्तराखंड, जो गंगा, यमुना, चारधाम और आदि कैलाश जैसे आस्था के केंद्रों की भूमि है, वहां इस तरह की अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि दंगों के दौरान सरकारी संपत्तियों को नुकसान पहुंचाने वालों से ही उसकी भरपाई कराई जाएगी।
घटना के बाद पुलिस ने पटेल नगर सहित पूरे शहर में गश्त बढ़ा दी है और संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सोशल मीडिया पर भी नजर रखी जा रही है ताकि अफवाहें फैलने से रोकी जा सकें।
कुल मिलाकर देहरादून जैसे शांत शहर में इस तरह की घटनाएं दुर्भाग्यपूर्ण हैं, लेकिन सरकार और प्रशासन ने तत्परता से स्थिति को काबू में लिया है। अब देखने वाली बात होगी कि सीएम धामी द्वारा की गई सख्त चेतावनी के बाद उपद्रवियों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है।

