मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने धराली रेस्क्यू ऑपरेशन के बारे में बताते हुए कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता लोगों को सुरक्षित स्थानों में पहुंचाने की थी। खराब मौसम के बावजूद अब तक लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू किया जा चुका है। जिसमें स्थानीय लोगों के साथ देश भर से आए तीर्थयात्री भी शामिल हैं। घायलों को जिला अस्पताल एवं एम्स में भर्ती किया गया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सभी को अच्छा इलाज मिले इसकी व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि हर्षिल व धराली क्षेत्र में पर्याप्त मात्रा में दवाइयां, दूध, राशन, कपड़े पहुंचाए गए हैं। मुख्यमंत्री ने बताया हर्षिल क्षेत्र में बिजली आपूर्ति के लिए उरेडा का पावर हाउस चालू किया गया है। यूपीसीएल द्वारा बिजली तारों की मरम्मत की जा रही है। मोबाइल कनेक्टीविटी को सुधार लिया गया है साथ ही 125 KV के दो जनरेटर सेट भी आपदा क्षेत्र में पहुंच गए हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि हर्षिल क्षेत्र में सड़क कनेक्टिविटी को ठीक किया जा रहा है। गंगनानी में बेली ब्रिज का निर्माण युद्धस्तर पर किया जा रहा है। भूस्खलन की चपेट में आयी सड़कों को भी जल्द ठीक कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि मंगलवार तक हर्षिल तक सड़क मार्ग को पूरी तरह ठीक करने की संभावना है। जिसके बाद अन्य कामों को भी तेजी से पूरा किया जा सकेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार के स्तर से प्रभावित परिवारों को हरसंभव मदद की जा रही है। उन्होंने बताया प्रभावित परिवारों को अगले 6 महीने का राशन राज्य सरकार द्वारा उपलब्ध करवाया जाएगा। आपदा से जिन लोगों के मकान पूर्णतः क्षतिग्रस्त या नष्ट हुए हैं, उनके पुनर्वास/विस्थापन हेतु ₹5 लाख की तत्काल सहायता राशि जारी की जाएगी।
उन्होंने बताया ग्राम वासियों के पुनर्वास के लिए सचिव, राजस्व की अध्यक्षता में एक तीन सदस्यीय समिति का गठन किया गया है। जो प्रभावित हुए लोगों के पुनर्वास, विस्थापन एवं हानि का आकलन करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा से सेब के बगीचों को हुए नुकसान का भी आकलन किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पौड़ी के सैंजी और बांकुड़ा गांव में भी जिन लोगों के घर क्षतिग्रस्त हुए हैं, उन्हें भी राज्य सरकार के स्तर से ₹5 लाख तक भी सहायता राशि दी जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य में जहां भी आपदा से हानि हुई है, उन्हें सरकार द्वारा हरसंभव मदद दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य सरकार को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है। उनके नेतृत्व में केंद्र सरकार का भरपूर सहयोग मिल रहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से पंजाब नेशनल बैंक से आए प्रतिनिधिमंडल ने भेंट की। इस दौरान पंजाब नेशनल बैंक द्वारा उत्तरकाशी जिले के धराली एवं हर्षिल क्षेत्र में आई आपदा के राहत कार्यों के लिए ₹1 करोड़ का योगदान प्रदान किया गया।
मुख्यमंत्री ने पीएनबी द्वारा दिए सहयोग के लिए बैंक प्रबंधन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा यह राशि आपदा प्रभावित परिवारों के त्वरित सहायता और पुनर्वास कार्यों में महत्वपूर्ण योगदान देगी। उन्होंने कहा संकट की घड़ी में संस्थाओं एवं संगठनों का आगे आना समाज के प्रति उनकी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी को दर्शाता है। मुख्यमंत्री ने बताया कि धराली क्षेत्र में रेस्क्यू ऑपरेशन युद्धस्तर पर जारी है और प्रभावितों को हरसंभव मदद पहुंचाई जा रही है।


